शिवपुरी । खोड़ कस्बे में आज सुबह व्यापारी ने तीन चोरों को उनका चोरी किया हुआ माल बेचते हुए पकड़ लिया और चोरों की जमकर डण्डों से पिटाई लगाई तथा बाद में तीनों चोरों को अर्धनग्र कर उनका कस्बे में जुलूस निकाला। बाद में चोरों को व्यापारी ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि पुलिस इस मामले में व्यापारी के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की तैयारी में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे में गल्ले का काम करने वाले व्यापारी प्रदीप गुप्ता के गोदाम से बीती रात्रि चोरों ने उड़द के बोरे चोरी कर लिए थे। जिसकी जानकारी आज सुबह व्यापारी को लगी तो उसने खोजबीन की तभी उसे ज्ञात हुआ कि कस्बे में उक्त चोर श्री कंथरिया की दुकान पर माल को बेच रहे हैं।
इस सूचना पर प्रदीप वहां पहुंचा और उसने चोरों को रंगे हाथों पकड़ लिया और तीनों चोरों की डंडों से पिटाई लगाई। चोरों से जब उनके नाम पूछे गए तो उन्होंने अपने नाम हरिकृष्ण पुत्र करूआ जाटव, खैमराज पुत्र कृष्णा जाटव, अच्छेलाल पुत्र मन्नू जाटव निवासी खोड़ बताया।
व्यापारी ने चोरों को अर्धनग्र कर उनका जुलूस भी कस्बे से निकालते हुए खोड़ चौकी पर ले गया जहां चोरों को पुलिस के सुपुर्द किया गया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।