शिवपुरी। अभी चंद दिनों पहले ही शिवपुरी विधायक यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी में चमचमाती सड़कों का वादा किया था परंतु आज जब राज्य सरकार ने नगरपालिकाओं को अनुदान जारी किया तो इस लिस्ट में शिवपुरी का नाम तक नहीं था।
राज्य सरकार ने ग्वालियर नगर निगम सहित इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और रीवा संभाग की 10 नगरीय निकायों को सड़क मरम्मत के लिए 21 करोड़ 1 लाख 98 हजार रुपए अनुदान के रूप में दिए हैं। यह पैसा जनवरी से 31 मार्च 2015 तक के लिए दिया गया है। इस अवधि में इन नगरीय निकायों को अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत कार्य शुरू करवाना हैं।
इसमें ग्वालियर नगर निगम को 6 करोड़ 88 लाख 33 हजार रुपए दिए गए हैं। इसी प्रकार इंदौर संभाग के खंडवा को 12 लाख 87 हजार और बुरहानपुर निकाय को 1 करोड़ 45 लाख 44 हजार दिए हैं। उज्जैन संभाग में उज्जैन को 29 लाख 83 हजार, रतलाम को 62 लाख और देवास ननि को 1 करोड़ 72 लाख मंजूर किए हैं।
जबलपुर संभाग में कटनी नगर निगम को 1 करोड़ 40 लाख दिए गए हैं। वहीं रीवा संभाग में रीवा को 1 करोड़ 37 लाख, सतना को 1 करोड़ 69 लाख और सिंगरौली ननि को 1 करोड़ 89 लाख रुपए दिए गए हैं। उल्लेखनीय यह पैसा चुंगी क्षतिपूर्ति राशि से निगमों को अनुदान योजना में दिया गया है।
उल्लेखनीय यह है कि शिवपुरी के साथ एक बार फिर सौतेला व्यवहार हो गया। पब्लिक को उल्लू बना दिया गया। घोषणाओं के सहारे शिवपुरी पर राज करने की नीति अभी तक खत्म नहीं हुई।