शिवपुरी। शहर के न्यूब्लॉक इलाके में स्थित मां काली दरबार में शुक्र-शनिवार की रात माता का विशाल जागरण आयोजित किया गया। विजयपुर और गुना से आए कलाकारों ने जहां आर्केस्ट्रा के माध्यम से भजनों की दमदार प्रस्तुति से समां बांधा वहीं स्थानीय कलाकार भी सुरों की तान छेडऩे में पीछे नहीं रहे।
रात 10 बजे से शुरू हुआ जगराता सुबह 5 बजे तक निर्बाध रूप से जारी रहा। इस दौरान मां के भक्तों ने भजनों पर जमकर नृत्य भी किया। प्रति नवरात्रि को मां काली दरबार में माता का जागरण आयोजित किया जाता है और यहां जिले भर से लोग जागरण में शामिल होते हैं। माता भक्त मदन गोयल के निर्देशन में आयोजित होने वाले इस जागरण की खास बात यह है कि यहां सभी धर्मों के लोग एक साथ मिलकर जागरण आयोजित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आजा मां इकबार मेरे दर आजा मां..., पत्थर की राधा प्यारी, पत्थर के कृष्णमुरारी... जैसे भजनों की प्रस्तुति गायक कलाकारों ने दी। वहीं विजयपुर के कलाकार दुर्गेश ने मेरे दर पे तू भेजे दे बुलावा भजन गाया। साथ ही महिला और पुरुष की आवाज में गीत प्रस्तुत करने के माहिर गायक शकील ने चलो बुलावा आया है माता ने बुलाया है.. भजन गाकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया इसके अलावा गुना के नृत्य कलाकार नीतू-जीतू ने राधा कृष्ण बनकर न सिर्फ जमकर नृत्य प्रस्तुत किया बल्कि ब्रज में खेले जाने वाली होली भी गुलाल के साथ जमकर खेली। जैसे-जैसे रात गहराती गई माता के भक्त भजनों की धुन पर थिरकते रहे और रात कब गुजर गई इस बात का एहसास भी नहीं हुआ। सुबह आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ और जागरण का समापन हुआ।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।