पिछोर। घर बैठे हर महीने 31 हजार रुपए कमाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने एक युवक को अपने जाल में फंसा लिया। पेन-पेंसिल पैकिंग का काम देने का दावा करने वाले ठग ने पहले रजिस्ट्रेशन और फिर डिलीवरी सहित अलग-अलग बहाने बनाकर युवक से फोन-पे के जरिए करीब 16 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए। जब पीड़ित ने काम और पैसे के बारे में जानकारी मांगी तो आरोपी ने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। ठगी का एहसास होने पर युवक ने पिछोर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
भीतरगवां निवासी पंकज लोधी ने बताया कि 10 जुलाई को उसके मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें घर बैठे पेन-पेंसिल पैकिंग का काम करने का ऑफर दिया गया था। संदेश में दावा किया गया कि कंपनी स्वयं घर पर माल पहुंचाएगी और पैकिंग के बाद तैयार माल वापस ले जाएगी। इसके बदले हर महीने 31 हजार रुपए वेतन दिया जाएगा।
कुछ देर बाद विपिन नाम के व्यक्ति ने फोन कर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने सबसे पहले 650 रुपए रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराने को कहा और भरोसा दिलाया कि यह राशि महज 30 मिनट में वापस कर दी जाएगी। साथ ही 24 घंटे के भीतर काम शुरू कराने और माल के साथ 15 हजार रुपए एडवांस देने का भी झांसा दिया।
अगले दिन ठग ने फिर फोन कर कहा कि कंपनी की गाड़ी माल लेकर पहुंच चुकी है, लेकिन डिलीवरी कराने के लिए 4,550 रुपए जमा करने होंगे। पंकज ने भरोसा कर यह राशि भी फोन-पे के जरिए भेज दी। इसके बाद ठग ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि भुगतान अलग-अलग किस्तों में होना चाहिए था। इसी तरह प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी और अन्य चार्ज के नाम पर उससे बार-बार रकम मंगवाई गई। देखते ही देखते युवक से करीब 16 हजार रुपए ऐंठ लिए गए।
जब पंकज ने काम शुरू कराने और जमा की गई रकम वापस करने की बात कही तो आरोपी ने पहले टालमटोल की और बाद में अपना मोबाइल फोन ही स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत पिछोर थाना में देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि घर बैठे मोटी कमाई, वर्क फ्रॉम होम, पैकिंग जॉब या रजिस्ट्रेशन फीस मांगने वाले किसी भी ऑनलाइन ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें और किसी भी अनजान व्यक्ति के खाते या यूपीआई पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।