कोलारस। शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा की सीमा से निकला शिवपुरी-गुना फोरलेन हाईवे पर बीते रोज बाइक सवार युवकों के आतंक के कारण फोरलेन एक घंटे तक जाम रहा। मामला सिर्फ इतना था कि फोरलेन सडक पर एक बाइक से एक ट्रक हॉर्न बजाते हुए आगे निकल गया,फिर गया था बाइकर्स को यह बात पसंद नहीं आई,उसने अपने साथियों को बुलाकर इस ट्रक को बीच रास्ते में गिलगवां गांव के पास ट्रक को रोककर ट्रक चालक की मारपीट शुरू कर दी।
ट्रक चालक और बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे ट्रक चालक पर लाठियों से हमला कर दिया। घटना के बाद आक्रोशित ट्रक चालकों ने हाईवे पर वाहन खड़े कर दिए, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। दोनों ओर लगभग पांच-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों वाहन फंस गए।
जानकारी के अनुसार, ब्यावरा निवासी ट्रक चालक संजू राठौर सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रक लेकर शिवपुरी की ओर जा रहे थे। उनके आगे एक बाइक काफी देर से चल रही थी। संजू का कहना है कि उन्होंने कई बार हॉर्न बजाकर साइड देने का इशारा किया, लेकिन बाइक चालक ने रास्ता नहीं दिया। इसके बाद जब उन्होंने सावधानीपूर्वक ओवरटेक करने का प्रयास किया तो बाइक सवार ने चलते ट्रक पर लाठी मार दी।
इस पर संजू ने ट्रक रोककर विरोध जताया और कारण पूछा। आरोप है कि बाइक चालक गाली-गलौज करने लगा। कुछ ही देर बाद उसने मोबाइल फोन से अपने दो साथियों को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर संजू राठौर पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
मारपीट के दौरान वहां से गुजर रहे पड़ोरा (थाना मायापुर) निवासी ट्रक चालक मोहन गुर्जर बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। अचानक हुई इस घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रक चालकों ने विरोध स्वरूप अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए, जिससे दोनों दिशाओं में करीब पांच-पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर यातायात बहाल कराया।
पुलिस जांच में हमलावरों की पहचान लखन जाटव, परमाल जाटव और नवल जाटव, निवासी गिलगवां के रूप में हुई है। संजू राठौर की शिकायत पर कोलारस थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।