शिवपुरी। 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी लड़की को शिवपुरी शहर के माधव चौक पर स्थित शिवपुरी लॉज में ठहराने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को शिवपुरी लॉज को सील कर दिया। जांच के दौरान लॉज में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रशासन को न तो लॉज संचालक के पास फायर एनओसी मिली और न ही यहां ठहरने वाले ग्राहकों की सूचना संबंधित पुलिस थाने को भेजी जा रही थी। नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की।
गौरतलब है कि सतनवाड़ा निवासी अकरम शाह, जो पहले से शादीशुदा है, 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी लड़की को कई दिनों से शिवपुरी लॉज में किराए का कमरा लेकर अपने साथ रखे हुए था। मामले का खुलासा तब हुआ, जब नाबालिग की मां और बड़ी बहन ने दोनों को लॉज में पकड़ लिया। गुस्साए परिजनों ने मौके पर ही अकरम शाह की चप्पलों से पिटाई कर दी और उसे पकड़कर सीधे कोतवाली थाने ले गए।
इस पूरे मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब अकरम शाह की पत्नी रेशमा बानो भी सामने आईं। उन्होंने अपने पति पर लव जिहाद और हिंदू लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने अकरम शाह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना फिलहाल देहात थाना पुलिस कर रही है।
सोमवार को तहसीलदार सिद्धार्थ भूषण शर्मा प्रशासनिक टीम के साथ शिवपुरी लॉज पहुंचे और दस्तावेजों की जांच की। निरीक्षण के दौरान फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही यह भी पाया गया कि लॉज में ठहरने वाले लोगों की अनिवार्य सूचना पुलिस थाने को नहीं दी जा रही थी, जो सुरक्षा व्यवस्था और नियमानुसार गंभीर लापरवाही मानी गई।
इन अनियमितताओं के आधार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिवपुरी लॉज के रिसेप्शन को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि लॉज संचालन से जुड़े अन्य दस्तावेजों और नियमों की भी जांच की जा रही है। यदि अन्य कमियां भी सामने आती हैं तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।