शिवपुरी। जंगल में जंगली जानवरों का शिका करने वाले शिकारियों पर नकेल कसने के लिए यूं तो वन विभाग अमला चुस्त-दुरूस्त है फिर भी देर-सबेर जंगलों में शिकारियों की चहल कदमी की सूचनाऐं मिलती रहती है इसी क्रम में गत दिवस नेशनल पार्क में नवीन विस्तार क्षेत्र में कल नेशनल पार्क की टीम ने गश्ती के दौरान एक शिकारी को हथियारों सहित पकड़ लिया जबकि दूसरा शिकारी भागने में सफल रहा। नेशनल पार्क की टीम ने शिकारी के पास से बारूद भरी बंदूक सहित छुरा, टॉर्च और गोलियां भी बरामद की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिवस नेशनल पार्क की टीम नवीन विस्तार क्षेत्र में गश्ती कर रही थी तभी टीम के गज्जूराम कोली, प्रवेन्द सिंह और जयप्रकाश शर्मा को वाटर हॉल के पास दो युवक कल्लू भील और भूरा बैठे हुए दिखे। उन्हें देखकर टीम के अन्य सदस्य उनसे पूछताछ के लिए वहां जाने लगे तो उन्हें देखकर वह दोनों भागने की कोशिश करने लगे।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने दोनों शिकारियों को पकडऩे के लिए पीछे किया तो कल्लू भील को पकड़ लिया गया, लेकिन भूरा भागने में सफल रहा। पूछताछ पर पता चला कि उक्त दोनों युवक शिकार की टोह में बैठे हुए थे। पकड़े गये शिकारी के पास से हथियार भी वन विभाग की टीम ने बरामद किये हैं।