बैराड। शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के बैराड थाना सीमा में स्कूल बस से घर लौट रही पांच वर्षीय मासूम बच्ची का दो बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े अपहरण करने का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद फेरी लगाकर सामान बेचने वाली एक महिला की सूझबूझ और साहस के कारण बदमाश अपनी साजिश में सफल नहीं हो सके। महिला ने बच्ची की चीख सुनते ही बिना अपनी जान की परवाह किए बदमाशों से भिड़ गई, जिसके बाद आरोपी बच्ची को छोड़कर बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद पूरे बैराड़ नगर में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही बैराड़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस नगर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्कूल बस से उतरते ही बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-3 निवासी किराना व्यापारी धर्मेंद्र गुप्ता की पांच वर्षीय बेटी दिशा गुप्ता, जीनियस वल्र्ड स्कूल में कक्षा चार की छात्रा है। गुरुवार दोपहर करीब 2:43 बजे वह रोज की तरह स्कूल बस से मंकू होटल के पास निर्धारित स्टॉप पर उतरी थी। प्रत्यक्षदर्शियों और बच्ची के अनुसार, जैसे ही वह बस से उतरी, पीछे से आए एक युवक ने उसका मुंह दबा लिया और उसे जबरन उठाकर ले जाने लगा। दूसरा युवक बाइक पर बैठा इंतजार कर रहा था ताकि बच्ची को बैठाकर तुरंत फरार हो सकें।
मासूम की चीख सुन महिला ने दिखाई बहादुरी
बदमाश बच्ची को लेकर भाग ही रहे थे कि उसी दौरान वहां फेरी लगाकर सामान बेच रही एक महिला ने मासूम की चीख सुन ली। महिला ने बिना देर किए बदमाशों को पकड़ लिया और उनसे भिड़ गई। अचानक हुए विरोध से आरोपी घबरा गए और बच्ची को वहीं छोड़कर बाइक से फरार हो गए। महिला की बहादुरी के कारण एक बड़ी वारदात टल गई। स्थानीय लोगों ने भी महिला के साहस की सराहना की और प्रशासन से उसे सम्मानित करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की शिकायत मिलने के बाद बैराड़ पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। नगर के प्रमुख मार्गों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस दिशा से आए और किस ओर फरार हुए। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले से कर रहे थे रेकी
घटना के तरीके को देखकर आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने बच्ची की पहले से रेकी की थी। उन्हें उसकी स्कूल बस, उतरने का समय और स्थान की पूरी जानकारी थी। ऐसे में पुलिस अब पिछले कई दिनों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी पहले भी इलाके में घूमते देखे गए थे या नहीं।
नगर में बढ़ी दहशत, अभिभावकों में चिंता
दिनदहाड़े स्कूल से लौट रही बच्ची के अपहरण के प्रयास ने पूरे बैराड़ नगर को झकझोर दिया है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से स्कूलों के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखने की मांग की है।
पुलिस का बयान
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि परिजनों से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नगर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।