Shivpuri News: चुनाव शुरू, कांग्रेस के प्रदेश सुप्रीमो पटवारी के आदेश से प्रत्याशी की खोज शुरू

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। कांग्रेस वर्तमान में अभी विपक्ष की भूमिका में नहीं दिखाई दे रही है, लेकिन कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस को उभारने के लिए अब सीधे सड़कों पर संघर्ष करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब निकाय के चुनाव 2027 में आने वाले हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने अल्प प्रवास पर सीधे शब्दों में शिवपुरी कांग्रेस जिलाध्यक्ष से कहा कि निकाय के चुनाव की तैयारी शुरू करो, ऐसे प्रत्याशियों की तलाश शुरू करो, जो जिताऊ और जनाधार वाले हों। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद लगता है कि अब चुनाव शुरू हो चुका है।

शिवपुरी के निकायों के गणित की बात करें तो शिवपुरी जिले में केवल 2 निकायों के अध्यक्ष की कुर्सियों पर कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। जिले में सिर्फ खनियाधाना में छाया सत्येंद्र साहू और पिछोर में कविता विकास पाठक ही सिर्फ दो जगह कांग्रेस से नगर परिषद अध्यक्ष हैं। शेष 9 नगर पंचायत और शिवपुरी नगर पालिका में अध्यक्ष भाजपा के हैं। ऐसे में यदि नगर पंचायत और नगर पालिका में कांग्रेस 50-50 ही करना चाहे तो कड़ी मशक्कत उसे इस बार करनी पड़ेगी। इसकी वजह यह है कि जब केपी सिंह पिछोर विधानसभा से विधायक थे तो उन्होंने अपनी विधानसभा में आने वाली दोनों नगर पंचायतों में खनियाधाना और पिछोर में अध्यक्ष बना लिए थे, लेकिन अब स्थिति विपरीत है।

पटवारी ने कहा- आरक्षण का इंतजार मत करो
कैलारस से निकलते समय एबी रोड पर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुलाकात कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल, नगर अध्यक्ष साहिब सिंह कुशवाह, जिला संगठन मंत्री संजय चतुर्वेदी और नपा के पूर्व उपाध्यक्ष एपीएस चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों से हुई। इस दौरान निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने जब प्रदेश अध्यक्ष को बताया कि अभी निकायों का आरक्षण तय नहीं हुआ है, ऐसे में प्रत्याशियों की तलाश किस आधार पर शुरू की जाए, तो पटवारी ने संगठन को स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आरक्षण में जिस वर्ग के लिए सीट जाने की संभावना है, उस हिसाब से संभावित उम्मीदवारों पर नजर रखी जाए। साथ ही मौजूदा परिस्थितियों में ऐसे लोगों की तलाश की जाए, जिनकी जनता के बीच मजबूत पकड़ हो, चुनाव लड़ने की क्षमता हो और जीतने की संभावना सबसे ज्यादा हो। प्रदेश अध्यक्ष की इस नसीहत के बाद कांग्रेस संगठन ने संभावित उम्मीदवारों की तलाश शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि पार्टी अब केवल पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सामाजिक प्रभाव रखने वाले स्थानीय चेहरों पर भी नजर रखेगी।

अब अध्यक्ष सीधे जनता तय करेगी
मध्यप्रदेश में पिछले निकायों के चुनावों की बात करें तो महापौर पद के चुनाव सीधे जनता के वोटों से तय हुआ था, वहीं जिले स्तर की नगर पालिका और तहसील और विकासखंड स्तर के नगर निकाय के अध्यक्षों का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली, अर्थात चुने हुए पार्षदों ने तय किया था। अब इस बार सभी निकायों के अध्यक्ष जनता के वोटों से चुने जाएंगे। कुल मिलाकर सन 2027 का साल चुनावी मोड का चुनाव होगा।

शिवपुरी में संभवतः सीट अनारक्षित होगी
शिवपुरी नगर पालिका की बात करें तो प्रत्यक्ष चुनाव की प्रणाली पर नजर डालें तो माखनलाल राठौर पिछड़ा पुरुष के कोटे से अध्यक्ष बने थे। उसके बाद जनमोहन सिंह सेंगर जब अध्यक्ष बने थे, तब शिवपुरी निकाय की सीट अनारक्षित थी। उसके बाद रिशिका अष्ठाना अध्यक्ष बनीं, जब शिवपुरी निकाय की सीट सामान्य महिला सीट के लिए आरक्षित थी। इसके बाद कांग्रेस के मुन्नालाल अध्यक्ष बने थे, तब पिछड़ा वर्ग पुरुष सीट का आरक्षण हुआ। अब वर्तमान की बात करें तो चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से हुआ और पार्षदों ने अपने अध्यक्ष का चुनाव किया और गायत्री शर्मा अध्यक्ष हैं। यह सामान्य महिला के लिए आरक्षित थी। अब माना जा रहा है कि शिवपुरी की रोटेशन प्रणाली के हिसाब से सीट अनारक्षित होगी, इसलिए सामान्य वर्ग के चुनाव उम्मीदवारों में भाजपा और कांग्रेस से टिकट लाने के लिए कड़ा संघर्ष होगा।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!