शिवपुरी में बना भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड,सरपंच दंपत्ति 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

vikas
0
shivpuri-samachar

खनियांधाना।
शिवपुरी जिले में अब तक रिश्वत लेते हुए अधिकारी और कर्मचारी ही लोकायुक्त के हत्थे चढ़ते रहे हैं, लेकिन अब भ्रष्टाचार का यह रंग गांव की सरकार तक भी पहुंच गया है। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर होने वाली जनसुनवाई में अक्सर ग्रामीण अपनी पंचायतों के सरपंच और सचिवों के खिलाफ भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और भुगतान रोकने जैसी शिकायतें लेकर पहुंचते थे। इन शिकायतों को कई बार आरोप मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता था, लेकिन खनियाधाना जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत जुंगीपुर में हुई लोकायुक्त की कार्रवाई ने इन शिकायतों पर मानो मुहर लगा दी है।

ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को ग्राम पंचायत जुंगीपुर की सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने कपिलधारा योजना के तहत निर्मित कुएं का भुगतान जारी कराने के एवज में हितग्राही से रिश्वत की मांग की थी।

कुएं के भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जुंगीपुर निवासी राहुल सिंह यादव ने वर्ष 2025 में कपिलधारा योजना के तहत अपने खेत पर कुएं का निर्माण कराया था। निर्माण पूरा होने के बाद भुगतान स्वीकृत कराने के लिए पंचायत स्तर पर प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली ने भुगतान जारी कराने के बदले 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। हितग्राही ने रिश्वत देने के बजाय इसकी शिकायत 3 जुलाई 2026 को ग्वालियर लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज करा दी।

सत्यापन के बाद बिछाया जाल

लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। बुधवार सुबह करीब 10 बजे निरीक्षक उपेंद्र दुबे और अंजली शर्मा के नेतृत्व में लोकायुक्त की टीम ने उपजेल के पीछे स्थित सरपंच के आवास पर दबिश दी। जैसे ही फरियादी ने तय राशि सरपंच और उनके पति को सौंपी, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

तीन घंटे तक फैली रही अफवाह

कार्रवाई के तुरंत बाद लोकायुक्त टीम फरियादी और दोनों आरोपियों को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। करीब तीन घंटे तक उनके ठिकाने की जानकारी नहीं मिलने पर खनियाधाना कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। यहां तक कि कुछ लोगों ने कार्रवाई करने वाली टीम को फर्जी तक बता दिया। बाद में स्पष्ट हुआ कि लोकायुक्त टीम आरोपियों को लेकर पिछोर थाना क्षेत्र के दिनारा रेस्ट हाउस पहुंची थी, जहां पंचनामा सहित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई।

भ्रष्टाचार की जड़ें अब पंचायतों तक

यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अब तक शिवपुरी जिले में पटवारी, राजस्व अधिकारी, पुलिस कर्मी, नगर पालिका और अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रिश्वत लेते हुए पकड़े जाते रहे हैं। पहली बार पंचायत स्तर पर निर्वाचित जनप्रतिनिधि पर इस तरह की कार्रवाई ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ पाने के लिए क्या अब गांवों में भी रिश्वत देना मजबूरी बनती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जनसुनवाई में लंबे समय से पंचायतों में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और भुगतान रोकने की शिकायतें आती रही हैं। जुंगीपुर की घटना ने उन शिकायतों को नई गंभीरता दे दी है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त पुलिस ने सरपंच केशवती कोली और उनके पति खेमचंद कोली के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई में निरीक्षक उपेंद्र दुबे,अंजली शर्मा, प्रधान आरक्षक देवेंद्र पवैया, हेमंत शर्मा, आरक्षक प्रशांत कुशवाहा, अंकेश शर्मा,सुरेंद्र सेमल,आरिफ खान, बिसंबर भदौरिया, बलबीर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। इस कार्रवाई के बाद जिले की पंचायतों में हड़कंप का माहौल है। माना जा रहा है कि यदि इसी तरह शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होती रही तो पंचायत स्तर पर फैले भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!