शिवपुरी। जिले के खनियांधाना क्षेत्र के ग्राम कंजवा में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला ने शिकायत की है कि उसका पति उसे आये दिन प्रताडि़त करता रहता था और विगत दिवस पति ने घर का कैरोसिन बेच दिया जब उसकी पत्नी ने कैरोसिन बेचने के लिए मना किया तो उसकी पिटाई लगा दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 498 ए सहित 294, 323, 506 बी का मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कंजवा की रहने वाली गुड्डी बाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पति बुद्धराम कोली उसके साथ आये दिन मारपीट कर उसे प्रताडि़त करता है। बीते तीन अप्रैल को बुद्धराम घर में रखा कैरोसीन बेचने के लिए जा रहा था, लेकिन गुड्डीबाई ने उसे यह करने से रोका तो उसने उसकी लात-घूसों से बुरी मारपीट कर दी और कैरोसीन को मना करने के बावजूद भी बेच दिया। इससे व्यथित होकर गुड्डीबाई ने पुलिस की शरण ली और अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।