शिवपुरी। शिवपुरी शहर के जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर आज पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में 40 नंबर कोठी के पास स्थित लगभग 300 वर्ष पुराने कालिया भैरो बाबा मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा खतरे में है। इलाके के कुछ असामाजिक तत्वों और स्मैकियों ने मंदिर परिसर को जुए-सट्टे और नशे के कारोबार का अड्डा बनाने का प्रयास शुरू कर दिया है। मंदिर के पुजारी और देखरेख करने वाले यादव समाज ने इन असामाजिक तत्वों पर अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
मंदिर परिसर में मिल रहे नशे के खाली इंजेक्शन
मंदिर के पुजारी सरनाम सिंह यादव ने बताया कि कालिया भैरो बाबा मंदिर में नियमित रूप से विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। मंदिर परिसर चारों तरफ से दीवार से घिरा है और दो बड़े फाटक लगे हैं, जो सुबह 6 से 12 और शाम 4 से रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुले रहते हैं। लेकिन, इसी खुली व्यवस्था का फायदा उठाकर मोहल्ले के कुछ असामाजिक तत्व मंदिर में घुस आते हैं। पुजारी का आरोप है कि ये स्मैकिए और नशेड़ी मंदिर परिसर में नशे के इंजेक्शन लगाकर खाली खोखे वहीं फेंक जाते हैं, जिससे मंदिर की पवित्रता गंभीर रूप से भंग हो रही है।
रोकने पर करते हैं झूठी शिकायतें
इस प्राचीन मंदिर लंबे समय से यादव समाज की देखरेख में है। जब समाज के लोग या पुजारी इन असामाजिक तत्वों को मंदिर परिसर में जुआ, सट्टा खेलने या नशा करने से रोकते हैं और उन्हें वहां से भगाते हैं, तो ये लोग प्रशासन के पास जाकर झूठी और भ्रामक शिकायतें दर्ज कराते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य मंदिर परिसर की शांति भंग कर वहां अपना वर्चस्व स्थापित करना है।
अप्रिय घटना की जताई आशंका
पुजारी सरनाम सिंह यादव ने एसडीएम को दिए आवेदन में गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि यदि इन असामाजिक तत्वों को मंदिर परिसर में इसी तरह खुलेआम आने-जाने दिया गया, तो भविष्य में जुए-सट्टे और नशे के कारण कोई बड़ी और अप्रिय घटना घटित हो सकती है। ज्ञापन के साथ 17 नवंबर 2026 का एक पंचनामा भी संलग्न किया गया है, जिसमें स्थानीय लोगों ने भी इस समस्या की पुष्टि की है।
पुजारी और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि 300 साल पुराने इस प्राचीन मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।