शिवपुरी। फिजिकल थाना क्षेत्र में 50 लाख रुपए से अधिक की चोरी के मामले में 35 दिन बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। चोरी का खुलासा और माल बरामद करना तो दूर, अब पुलिस की जांच एक फिजिकल ट्रेनर तक पहुंच गई है। फरियादी की शंका के आधार पर पुलिस ने ट्रेनर मोनू रजक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इधर, शनिवार को उसकी पत्नी रजनी रजक एसपी कार्यालय पहुंच गई और पुलिस पर पति के साथ मारपीट करने तथा उससे मुलाकात नहीं करने देने के आरोप लगाए।
रजनी ने एसपी कार्यालय में ज्ञापन देकर पति को सुरक्षित घर लाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने महिला के मारपीट के आरोपों को निराधार बताया है।
अक्टूबर को पुलिसकर्मी घर से ले गया, फिर नहीं लौटे पति
रजनी रजक ने बताया कि वह पति मोनू रजक और बच्चों के साथ फिजिकल क्षेत्र में दौलत सिंह होटल के पीछे सोनू चौधरी के मकान में किराये से रहती है। महिला के मुताबिक 2 अक्टूबर की दोपहर चौहान नामक पुलिसकर्मी उसके पति को अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद से मोनू को पुलिस ने छोड़ा नहीं है।
महिला का आरोप है कि परिवार को पति से मिलने तक नहीं दिया जा रहा। उसने आशंका जताई कि पुलिस उसके पति को किसी दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट कर रही है और चोरी के मामले में झूठा फंसाने की कोशिश की जा रही है।
पति ट्रेनर हैं, पुलिस के युवाओं को भी देते हैं ट्रेनिंग
रजनी ने बताया कि उसका पति फिजिकल ट्रेनर है और पुलिस विभाग के युवाओं को भी ट्रेनिंग देता है। महिला का दावा है कि उसके पति के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। इसके बावजूद चोरी के मामले में उसे संदेह के आधार पर हिरासत में रखा गया है।
28-29 अगस्त की रात हुई थी 50 लाख से ज्यादा की चोरी
मामला फिजिकल थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी का है। यहां मातादीन चौधरी के मकान में 28-29 अगस्त की दरमियानी रात चोरों ने धावा बोल दिया था। चोर करीब 27 तौला सोना, 3 किलो चांदी के आभूषण और 4 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत 50 लाख रुपए से अधिक बताई गई थी। वारदात के बाद से पुलिस लगातार जांच का दावा कर रही है, लेकिन 35 दिन बाद भी न तो चोरी का खुलासा हुआ और न ही चोरी गया माल बरामद हो सका है।
8 दिन में खुलासे का आश्वासन, 18 दिन बाद भी नतीजा नहीं
चोरी का खुलासा नहीं होने पर 15 सितंबर को अग्रवाल समाज के पदाधिकारी एसपी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने की मांग की थी। उस समय पुलिस ने 8 दिन के भीतर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी मामला अनसुलझा है। अब इसी मामले में एक फिजिकल ट्रेनर को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए ले जाने और उसकी पत्नी के एसपी कार्यालय पहुंचने से जांच पर नए सवाल खड़े हो गए हैं।
टीआई बोले- फरियादी की शंका पर हो रही पूछताछ
फिजिकल थाना प्रभारी अविनाश सिंह राठौड़ ने बताया कि चोरी के फरियादी ने उक्त युवक पर शंका जाहिर की है। फरियादी की शिकायत और शंका के आधार पर युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। टीआई ने ट्रेनर के साथ मारपीट किए जाने के आरोपों को निराधार बताया है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।