बैराड। बैराड़ में भेड़ों के करीब 3 लाख रुपए के लेनदेन ने दो भाइयों के परिवारों के बीच ऐसा विवाद खड़ा कर दिया कि बात गाली-गलौज से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि बड़े भाई और उसके बेटे ने छोटे भाई पर डंडे और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पति को बचाने पहुंची पत्नी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। मामले में बैराड़ पुलिस ने महिला की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बैराड़ के वार्ड क्रमांक 9, यूको बैंक के पास गुरुवार शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दी शिकायत में ममता पत्नी रामे खटीक ने बताया कि उसके पति रामे खटीक और जेठ भूरा खटीक के बीच भेड़ों के पैसों के लेनदेन को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
गाली देने से रोका तो बढ़ा विवाद
ममता के अनुसार, बातचीत के दौरान भूरा खटीक और उसका बेटा राहुल खटीक उसके पति रामे को गालियां देने लगे। रामे ने जब गाली देने से मना किया तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान भूरा ने डंडे से रामे के सिर पर वार कर दिया।
इसके बाद राहुल ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से रामे के सिर पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर से खून निकलने लगा। आरोप है कि दोनों ने इसके बाद डंडे से भी रामे की मारपीट की, जिससे उसकी पीठ और दोनों पैरों में चोटें आईं।
पति को बचाने पहुंची तो पत्नी से भी मारपीट
मारपीट होते देख रामे की पत्नी ममता बीच-बचाव करने पहुंची। उसका आरोप है कि पति को बचाने के दौरान आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद घायल रामे को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ममता की शिकायत के आधार पर बैराड़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के कारण, विवाद में इस्तेमाल किए गए हथियार और दोनों पक्षों के बीच हुए करीब तीन लाख रुपए के लेनदेन से जुड़े विवाद की जांच कर रही है।
%20(34).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।