करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र के समोहा गांव में अवैध शराब को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई पर सवालों तक पहुंच गया है। 29 सितंबर को ग्रामीण महिलाओं ने कथित तौर पर अवैध शराब लेकर गांव पहुंचे सुरेंद्र राय को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। अब उसी युवक की शिकायत पर चार ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज होने से महिलाएं और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण अवैध शराब बंद करो के नारे लगाते हुए करैरा थाने पहुंचे और घेराव कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक 29 सितंबर को महिलाओं ने सुरेंद्र राय को शराब के साथ पकड़ा था। इस दौरान शराब की पेटियों में आग लगाने के साथ उसे रस्सी से बांध दिया गया था। बाद में उसे पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 क्वार्टर शराब बरामद किए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि इतनी मात्रा में शराब पकड़े जाने के बावजूद सुरेंद्र राय के खिलाफ अपेक्षित सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इसके उलट उसी दिन सुरेंद्र की शिकायत पर पुराने विवाद को लेकर मारपीट का आरोप लगाते हुए चार ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।
यहीं से ग्रामीणों का विरोध और तेज हो गया। महिलाओं का सवाल है कि जिस युवक को उन्होंने शराब के साथ पकड़कर पुलिस को सौंपा था, उसी की शिकायत पर ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट का मामला कैसे दर्ज हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को पहले अवैध शराब के मामले में प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को महिलाएं और ग्रामीण करैरा थाने पहुंचे। उन्होंने थाने के बाहर अवैध शराब के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव किया। बाद में थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।
ग्रामीणों ने आवेदन में सुरेंद्र राय के खिलाफ अवैध शराब के मामले में कड़ी कार्रवाई करने तथा ग्रामीणों पर दर्ज मारपीट के प्रकरण की भी जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब मामला अवैध शराब की कार्रवाई और उसके बाद दर्ज हुई एफआईआर के बीच उलझ गया है, जिस पर ग्रामीण पुलिस से जवाब मांग रहे हैं।
%20(32).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।