शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के झिरी गांव में ठाकुर बाबा की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह चबूतरे पर मूर्ति टूटी हुई मिलने से गांव में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और घटना के विरोध में सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, झिरी गांव निवासी नारायण धाकड़ (60) सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे ठाकुर बाबा के चबूतरे की साफ-सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर टूटी हुई मूर्ति पर पड़ी। मूर्ति के टुकड़े चबूतरे और जमीन पर बिखरे हुए थे। यह देखकर उन्होंने तत्काल गांव के अन्य लोगों को सूचना दी।
खबर फैलते ही सुरेंद्र, कल्लाराम, गजानंद धाकड़ सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने मूर्ति तोड़ी है। इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और सड़क पर जाम लगा दिया।
आधे घंटे की समझाइश के बाद खुला जाम
मूर्ति तोड़े जाने के विरोध में सड़क पर जाम लगने से आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत की और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद करीब आधे घंटे में जाम खुल गया और सड़क पर यातायात फिर से शुरू हो सका पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।