शिवपुरी। मध्यप्रदेश के अति संवेदनशील चीता लैंडस्केप में 10 तेंदुओं के शिकार के बड़े मामले में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवपुरी के समक्ष कोर्ट में परिवाद दायर कर दिया है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव के निर्देश पर चल रहे अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ अभियान में 30 जुलाई को बड़ी कार्रवाई हुई थी। एसटीएसएफ भोपाल, एसटीएसएफ शिवपुरी, कूनो वन्य-प्राणी मंडल और श्योपुर वन मंडल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपितों की निशानदेही पर तेंदुए की 42 हड्डियां जब्त की थीं। जांच में संगठित गिरोह का हाथ सामने आया। अब तक हरियाणा, मध्यप्रदेश और दिल्ली के 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इनके पास से तेंदुए के भारी मात्रा में अवयव, शिकार में उपयोग होने वाले 6 घातक फंदे और एक चाकू भी जब्त हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने श्योपुर और मुरैना में 10 तेंदुओं का शिकार किया था, जो चीता लैंडस्केप क्षेत्र में आता है।
शिकार से जुड़े मामले में वाइल्डलाइफ एसओएस के संचालक कार्तिक सत्यनारायण भी सोमवार को शिवपुरी स्थित एसटीएसएफ कार्यालय पहुंचे, जहां वन प्रशासन की विशेष कार्य बल की टीम ने उनसे करीब साढ़े नौ घंटे तक पूछताछ की। दरअसल जो आरोपित पकड़े गए हैं उनका कार्तिक की संस्था से संबंध रहा है।
पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में कार्तिक सत्यनारायण ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उनके और उनके संगठन के खिलाफ लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने पूरे मामले को एक गहरी साजिश बताया और कहा कि वह अपने स्तर पर भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसके पीछे किसका हाथ है। कार्तिक का कहना था कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से वन्यजीवों को बचाने के काम में जुटे हैं और उनकी पूरी टीम ईमानदारी से संरक्षण के लिए काम करती रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।