शिवपुरी। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रह रही एक महिला सोशल मीडिया पर लगातार परेशान किए जाने से तंग आकर बुधवार को शिवपुरी पहुंची। महिला ने महिला थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर लुधावली निवासी एक युवक पर उसकी, उसकी 9 वर्षीय बेटी और मां की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने तथा विरोध करने पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी शादी शिवपुरी के पुरानी शिवपुरी स्थित नीलगर चौराहा क्षेत्र में हुई थी। करीब छह वर्ष पहले बीमारी के चलते उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अपनी बेटी के साथ जयपुर के सीतापुरा, गोवर्धन नगर स्थित मायके में रह रही है और वहीं निजी नौकरी करती है।
महिला का आरोप है कि पिछले करीब 15 दिनों से लुधावली निवासी सेट्टी खान सोशल मीडिया पर उसकी, उसकी बेटी और मां की तस्वीरें पोस्ट कर रहा है। इन तस्वीरों के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उसके रिश्तेदारों और मायके पक्ष के लोगों के बीच भी उसे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के अनुसार, महिला और उसके मायके पक्ष के लोगों ने मोबाइल फोन के जरिए युवक से तस्वीरें पोस्ट करने को लेकर आपत्ति जताई। आरोप है कि बातचीत के दौरान युवक ने तस्वीरें पोस्ट करना जारी रखने की बात कही और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी भी दी। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।