शिवपुरी। शिवपुरी के रन्नौद इलाके में अकाझिरी और गुरुकुदवाया गांव के बीच नदी में मानव शरीर का सिर्फ कमर से नीचे का हिस्सा मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने पानी में अवशेष देख पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची टीम ने उन्हें बाहर निकलवाकर जांच के लिए भेजा। सिर और धड़ गायब हैं, पहचान अब तक नहीं हुई और नदी में मगरमच्छ होने की आशंका ने जांच को और पेचीदा कर दिया है। पुलिस अब नदी में शव के बाकी हिस्सों की तलाश के साथ आसपास के गांवों से लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार नदी में कमर से नीचे का हिस्सा मिला है। शरीर का पेट, धड़ और सिर मौके पर नहीं मिला। ऐसे में फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि अवशेष महिला के हैं या पुरुष के। पुलिस नदी के आसपास तलाशी अभियान चलाकर शरीर के अन्य हिस्सों को तलाश रही है।
मगरमच्छ ने खाया या मौत के पीछे कोई और राज?
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नदी में मौजूद मगरमच्छ ने शव के कुछ हिस्सों को खा लिया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। इसके अलावा पुलिस हत्या, हादसे या अन्य परिस्थितियों में मौत की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
लापता लोगों की जानकारी जुटा रही पुलिस
अवशेष मिलने के बाद पुलिस आसपास के गांवों में ऐसे लोगों की जानकारी जुटा रही है, जो पिछले कुछ समय से लापता हैं। इससे मृतक की पहचान करने में मदद मिल सकती है। पुलिस नदी और आसपास के इलाके में धड़ व सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों की तलाश कर रही है।पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और बरामद अवशेष किसके हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।