शिवपुरी। मध्यप्रदेश में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। प्रदेश के कई जिलों में पिछले दो दिनों से बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। शिवपुरी में भी गुरुवार शाम से मौसम बिगड़ गया और रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 2 नवंबर तक बारिश की संभावना जताते हुए अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को शिवपुरी सहित प्रदेश के 33 जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।
करवा चौथ पर बादलों ने रोका चांद का दीदार
मौसम की इस बेरुखी का असर करवा चौथ के त्योहार पर भी देखने को मिला। गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे चांद निकलने का अनुमानित समय था, लेकिन आसमान में घने बादल छाए रहने के कारण चांद दिखाई नहीं दिया। सुहागिन महिलाएं चांद के दीदार के लिए काफी देर तक इंतजार करती रहीं।
चांद नहीं दिखने पर महिलाओं ने अलग-अलग तरीके अपनाकर व्रत की पूजा पूरी की। कुछ महिलाओं ने दूसरे जिलों में दिखाई दे रहे चांद का लाइव प्रसारण देखकर पूजा की, तो कुछ ने थाली में चांद की आकृति बनाकर परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की। वहीं कई महिलाएं देर रात तक चांद निकलने का इंतजार करती रहीं और बाद में बुजुर्गों के बताए तरीके से व्रत का पारण किया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।