शिवपुरी के बॉस ने खाया मरीजो का खाना, प्रसूताओं से पूछा-लड्डू मिले या नहीं, प्रबधन की अटकी सांसे

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। अस्पताल में रोज की तरह काम चल रहा हो और अचानक बिना किसी को भनक लगे जिले के बॉस यानी कलेक्टर साहब आ पहुंचे शिवपुरी जिला अस्पताल में आज कुछ ऐसा ही हुआ। लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आया, जब स्टाफ की फाइलों में कमियां ढूंढने के बजाय कलेक्टर साहब ने सीधे मरीजों की थाली से रोटी उठाई और खुद खाकर क्वालिटी टेस्ट करने लगे। 

यह देखकर अस्पताल प्रबंधन की तो मानो एक पल के लिए सांसें ही अटक गईं! यह औचक निरीक्षण सिर्फ राउंड लगाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खटारा एंबुलेंस बदलने से लेकर प्रसूति वार्ड के लड्डुओं तक, हर छोटी-बड़ी बात का बारीकी से हिसाब लिया गया।

खुद रोटी खाकर परखी भोजन की गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांचने स्वयं मरीजों के लिए बनी रोटी खाकर उसकी गुणवत्ता देखी। भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने सिविल सर्जन को कहा है कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन ही उपलब्ध कराया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

प्रसूति वार्ड का निरीक्षण, प्रसूताओं से जानी सुविधाएं 
स्त्री एवं प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं की प्रत्यक्ष जानकारी ली। प्रसूताओं से अस्पताल में लड्डू मिलने की जानकारी ली तथा  किसी भी प्रकार के पैसों की मांग किए जाने के संबंध में भी पूछताछ की, जिस पर प्रसूताओं ने पैसे मांगे जाने की बात से इनकार किया। कलेक्टर श्री वर्मा ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को समय पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित की जाएँ।

एम्बुलेंस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस का जायजा लिया और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान जो एम्बुलेंस संचालित स्थिति में नहीं है उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा के संचालन को पूरी तरह सुदृढ़ किया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को बिना किसी देरी के त्वरित स्वास्थ्य सेवा एवं एम्बुलेंस सुविधा मिल सके।

शौचालयों की मरम्मत और सुरक्षा के लिए कैमरे लगाने के निर्देश
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने पूरे अस्पताल परिसर में भ्रमण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल का वातावरण स्वच्छ होना पहली प्राथमिकता है, जिसके लिए परिसर में नियमित तौर पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान शौचालयों की स्थिति देखने पर कलेक्टर श्री वर्मा ने उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने और खराब या मरम्मत की आवश्यकता वाले शौचालयों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, अस्पताल परिसर को सुंदर व स्वच्छ बनाए रखने के लिए बाउंड्रीवॉल की पुताई कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को बेहतर बनाने के लिए परिसर में आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के भी निर्देश सिविल सर्जन को दिए गए।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!