शिवपुरी मे 2 मौत,गुजरात के अमित पटेल सहित गोमती आदिवासी ने तोडा सडक हादसे मे दम

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा लुकवासा चौकी क्षेत्र में एनएच-46 पर हुआ, जहां गुजरात से मध्य प्रदेश घूमने आए दो युवकों की स्कॉर्पियो देहरदा के पास डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में 32 वर्षीय अमित पटेल की मौत हो गई, जबकि उसका साथी करन गंभीर रूप से घायल है।

दूसरा हादसा सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर हुआ। यहां सामने से आ रही कार ने सवारियों से भरी थ्री-व्हीलर टैक्सी को टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम एरावन निवासी गोमती आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने से नाराज परिजनों ने एनएच-46 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

देहरदा के पास डिवाइडर से टकराई स्कॉर्पियो
लुकवासा चौकी क्षेत्र में शनिवार दोपहर गुजरात निवासी अमित पटेल अपने साथी करन के साथ स्कॉर्पियो से मध्य प्रदेश घूमने आए थे। दोनों गुना की ओर से शिवपुरी की तरफ आ रहे थे। देहरदा ज्ञान स्थलीय स्कूल के पास अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे एंबुलेंस की मदद से उन्हें कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले अमित ने तोड़ा दम
अमित और करन को मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में अमित की हालत बिगड़ गई। उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। करन का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मजदूरी कर लौट रहे थे, रास्ते में मौत ने घेरा
दूसरा हादसा शुक्रवार देर शाम सतनवाड़ा थाना क्षेत्र में नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर झिरना मंदिर के आगे पुलिया के पास हुआ। ग्राम एरावन निवासी घनश्याम आदिवासी अपनी पत्नी गोमती और अन्य लोगों के साथ मजदूरी कर गांव लौट रहा था। घनश्याम और उसका साला रामवरन बाइक से जा रहे थे, जबकि गोमती, राजवती, नंदनी, धनवंती, जूली और जिन्की सहित करीब 12 लोग थ्री-व्हीलर टैक्सी में सवार थे। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार कार ने टैक्सी में जोरदार टक्कर मार दी।

जंगल क्षेत्र में नहीं पहुंची एंबुलेंस, ऑटो से ले गए घायल महिला को
टक्कर इतनी तेज थी कि टैक्सी में सवार कई लोग घायल हो गए। गोमती को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल जंगल क्षेत्र में होने के कारण परिजनों के अनुसार तत्काल एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद घायल गोमती को परिजन एक ऑटो से सतनवाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन ऑटो से ही उन्हें शिवपुरी लेकर निकले, लेकिन रास्ते में गोमती ने दम तोड़ दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शव रखकर एनएच-46 पर चक्काजाम
गोमती की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। एंबुलेंस और पुलिस की मदद समय पर नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने मामोनी के पास एनएच-46 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर सड़क से हटाया। इसके बाद यातायात बहाल कराया गया।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!