दिनारा करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा मे हवा मे उड रही एक कार ने सडक पर मजदूरी कर रहे पति पत्नि को रौंद दिया,जिससे उनकी मौत हो गई,मजदूर दंपत्ति की मौत होने के कारण उनके 3 बच्चे अनाथ हो गए। झांसी-शिवपुरी हाईवे पर ऋषभ ढाबे के पास कुछ मजदूर अपने परिवार का पेट पालने के लिए सड़क के मेंटेनेंस और साफ-सफाई का काम कर रहे थे।
34 वर्षीय रामश्री बंशकार और उनके पति धर्मेंद्र बंशकार भी इसी उम्मीद में सड़क किनारे हाड़-तोड़ मेहनत कर रहे थे कि शाम को मजदूरी के पैसों से अपने बच्चों के लिए निवाला लेकर जाएंगे। वे दिन-रात अपने बच्चों का भविष्य संवारने और उनकी शिक्षा-दीक्षा के लिए संघर्ष कर रहे थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
हवा में उड़ रही कार ने बरपाया कहर
गुरूवार की दोपहर के करीब 2 बज रहे थे। सड़क पर सुपरवाइजर रमाकांत यादव और बलबीर लोधी सहित करीब 10 मजदूर काम में जुटे थे। तभी दिनारा की तरफ से एक अर्टिगा कार (क्रमांक MP04ZT2013) आई। उस कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि ऐसा लग रहा था मानो वह सड़क पर चल नहीं रही, बल्कि कोई हवा में उड़ रही कार हो।
तेज स्पीड के नशे में चूर ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को बेरहमी से रौंद डाला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां खड़ी कंपनी की एक महिंद्रा कैंपर गाड़ी (RJ19GD5554) और एक बाइक भी चकनाचूर हो गई।
अस्पताल पहुंचते-पहुंचते टूट गई सांसों की डोर
इस भीषण हादसे में रामश्री बंशकार ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। उनके पति धर्मेंद्र और एक अन्य महिला मजदूर सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। खून से लथपथ धर्मेंद्र को आनन-फानन में एंबुलेंस से झांसी ले जाया गया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन मौत से लड़ते-लड़ते रात के अंधेरे में धर्मेंद्र भी जिंदगी की जंग हार गए।
बिलखते रह गए तीन मासूम, हमेशा के लिए हुए अनाथ
इस दर्दनाक घटना ने एक झटके में एक पूरे परिवार का नामोनिशान मिटा दिया। रामश्री और धर्मेंद्र की मौत के बाद अब उनके 3 बच्चे अनाथ हो गए हैं। परिवार में अब 13 साल और 10 साल की दो बेटियां तथा महज 4 साल का एक मासूम बेटा ही बचा है। माता-पिता दोनों की मौत के बाद इन बच्चों के सिर से हमेशा के लिए साया उठ गया है। पूरे गांव में मातम पसरा है और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी का दिल पसीज रहा है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के वक्त मौजूद मजदूरों के रोंगटे इस खौफनाक मंजर को देखकर खड़े हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका रामश्री के शव को पोस्टमार्टम के लिए करैरा अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बलबीर लोधी की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।