लुकवासा। शिवपुरी जिले के कोलारस थाने की लुकवासा चौकी सीमा मे एनएच-46 हाईवे किनारे चोरों ने ऐसी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बेबस नजर आए। रात करीब 1 बजे तीन नकाबपोश चोर दुर्गेश ओझा की तीन कृषि उपज की दुकानों में घुसे।
पहले कैमरों के तार काटे और कुछ कैमरों का रुख दूसरी ओर मोड़ा, फिर बेखौफ होकर करीब 2 लाख 88 हजार रुपए कीमत की 34 क्विंटल कृषि उपज समेटकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे व्यापारी को चोरी का पता चला तो हड़कंप मच गया। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों के आने-जाने का रास्ता और उनकी पहचान तलाश रही है।
पुलिस के अनुसार, चोर रात करीब 1 बजे दुकानों पर पहुंचे थे। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग मुंह पर कपड़ा बांधे नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कैमरों के तार काट दिए और कुछ कैमरों की दिशा बदल दी। इससे पूरी वारदात कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। दुर्गेश ओझा की दुकानों से चोर करीब 14 क्विंटल धनिया, 11 क्विंटल उड़द, 4 क्विंटल मसूर, 2 क्विंटल सोयाबीन और 3 क्विंटल सरसों ले गए।
सुबह जब दुर्गेश ओझा दुकान पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत लुकवासा पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकानों का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के निर्देश पर पुलिस टीम चोरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।