Shivpuri News: सिंधिया बोले भवन सरकारी नही लगता, लेकिन भवन ने बता दिया में सरकारी हूं

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

पिछोर। डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार बामौरकलां उप तहसील का नया भवन अभी ठीक से उपयोग में भी नहीं आया और उसकी दीवारों पर जगह-जगह आई दरारों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि भवन के लोकार्पण के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसकी तारीफ करते हुए कहा था कि बाहर से देखने पर यह सरकारी भवन जैसा नहीं लगता।
लेकिन लोकार्पण के महज 15 दिन के भीतर दीवारों में आई दरारों ने मानो उल्टा ही जवाब दे दिया—बाहर से भले ही सरकारी नहीं लगे, लेकिन दरारों ने बता दिया कि अंदर से तो यह सरकारी ही है।

डेढ़ करोड़ का भवन और पखवाड़े भर में दरारें
पिछोर विधानसभा की खनियाधाना तहसील अंतर्गत बामौरकलां उप तहसील के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से नया भवन तैयार किया गया है। 31 अगस्त को क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसका लोकार्पण किया था।

लोकार्पण के मौके पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भवन की तारीफ करते हुए कहा था, मैं प्रशासन को बधाई देना चाहता हूं, इतना सुंदर भवन बनाया है, आधुनिक है, बाहर से सरकारी भवन की रूपरेखा नहीं दिखती।

मंत्री की यह बात अब चर्चा का विषय बन गई है। वजह यह है कि लोकार्पण के पखवाड़े भर के भीतर ही भवन की दीवारों में जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। यानी भवन ने बिना एक भी फाइल रखे, बिना एक भी कुर्सी लगे ही अपनी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सरकारी’ होने का सर्टिफिकेट दरारों ने दे दिया
नए भवन की दीवारों पर आई दरारों को लेकर अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार भवन की ऐसी स्थिति इतनी जल्दी कैसे बन गई?  भवन का निर्माण इस उम्मीद के साथ किया गया था कि यहां उप तहसील कार्यालय संचालित होगा और लोगों को राजस्व संबंधी कामों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। लेकिन उपयोग शुरू होने से पहले ही दीवारों पर आई दरारों ने निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

व्यंग्यात्मक तौर पर देखें तो केंद्रीय मंत्री ने लोकार्पण के समय भले ही कहा था कि भवन बाहर से सरकारी नहीं लगता, लेकिन पंद्रह दिन बाद दीवारों की दरारों ने जैसे खुद ही अपना परिचय दे दिया—मैं सरकारी ही हूं।

लोकार्पण हो गया, लेकिन पजेशन अभी बाकी है
वहीं, इस पूरे मामले में विभाग ने अपना दामन पहले ही बचा लिया है। तहसीलदार निशिकांत भार्गव से जब इस संबंध में बात की गई तो उनका कहना था कि जिस दिन शिलान्यास हुआ था, उसी दिन उनके द्वारा पीआईयू के एसडीओ और ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया था कि जो भी मरम्मत होना है, नॉर्म्स के अनुकूल कंप्लीट करें। उसके बाद ही पजेशन लिया जाएगा।

तहसीलदार के मुताबिक,अभी उनके द्वारा पजेशन नहीं लिया गया है
यानी स्थिति यह है कि भवन का लोकार्पण हो गया, बधाई हो गई, फोटो खिंच गई और भवन जनता के सामने आ गया, लेकिन आधिकारिक तौर पर पजेशन अभी बाकी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब भवन का पजेशन ही नहीं लिया गया है तो निर्माण की कमियों को दूर करने की जिम्मेदारी किसकी है और इसकी गुणवत्ता की अंतिम जवाबदेही किस स्तर पर तय होगी?

पंद्रह दिन में भवन में क्रैक आए, कैसा विकास?
इस मामले में पिछोर के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद लोधी ने तंज कसते हुए कहा कि उनका यही कहना है कि उद्घाटन हुए 15 दिन ही बीते हैं और बिल्डिंग बिना उपयोग के ही जगह-जगह से क्रैक हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर 15 दिन में भवन का यह हाल है तो भाजपा किस विकास की बात करती है। दो साल बाद इस बिल्डिंग की क्या हालत होगी, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

अरविंद लोधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कल कोई हादसा हो जाए, आदमी दब जाएं या मर जाएं तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? मॉनीटरिंग करने वालों ने बिना क्वालिटी देखे एमबी पर साइन कैसे कर दिए? ऐसे लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

अब सवाल निर्माण की गुणवत्ता पर
डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस भवन में लोकार्पण के कुछ ही दिनों बाद दिखाई दे रही दरारें अब सिर्फ दीवारों की समस्या नहीं रह गई हैं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और जिम्मेदारी तय करने का सवाल बन गई हैं। एक ओर भवन को आधुनिक और गैर-सरकारी स्वरूप वाला बताया गया था, वहीं दूसरी ओर पंद्रह दिन में आई दरारों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग इन दरारों को महज मरम्मत का विषय मानकर छोड़ता है या निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कर जिम्मेदारी भी तय की जाती है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!