शिवपुरी। शिवपुरी जिलो मे जनपद सदस्य,सरपंच और पंचो के उपचुनाव का असर अब दिखाई देने लगा है। जिले में 26 पंचायत पदो पर होने वाले उपचुनावो के कारण सरकारी कर्मचारियो की चुनाव संपन्न होने तक अवकाश पर रोक लगा दी है। पहले से स्वीकृत छुट्टियां भी निरस्त की जा सकती हैं, जबकि प्रसूति और चिकित्सा अवकाश को ही अपवाद रखा जाएगा। हालांकि इन अवकाशों के लिए भी जिला पंचायत सीईओ की मंजूरी जरूरी होगी। यानी चुनावी ड्यूटी के दौरान सरकारी अमले की गैरमौजूदगी पर प्रशासन ने अभी से ब्रेक लगाने की तैयारी कर ली है।
जिले में पंचायत उपचुनाव के तहत 21 पंच, 4 सरपंच और एक जनपद पंचायत सदस्य सहित कुल 26 पदों के लिए चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम के चलते संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता लागू है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों की उपलब्धता बनाए रखने और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के लिए छुट्टियों पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है।
चुनाव क्षेत्रों में हथियार जमा कराने होंगे
उपचुनाव वाले क्षेत्रों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हथियार लाइसेंस निलंबित किए जाएंगे। लाइसेंसधारियों को अपने हथियार संबंधित पुलिस थानों में जमा कराने होंगे। यह प्रतिबंध चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगा। चुनाव क्षेत्र के 100 मीटर के दायरे में दूसरे गांवों के लोग भी हथियार लेकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
पोहरी में जनपद सदस्य का चुनाव
पोहरी जनपद पंचायत के निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-3 में जनपद सदस्य का चुनाव होगा। यहां जनपद सदस्य नर्मदा कुशवाह की 18 अक्टूबर 2025 को मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पद रिक्त होने से उपचुनाव कराया जा रहा है।
चार पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनाव
सरपंचों की मृत्यु के कारण चार ग्राम पंचायतों में भी उपचुनाव होंगे। पोहरी की नरैयाखेड़ी में सरपंच प्रेम परिहार की 6 दिसंबर 2025 को मृत्यु हुई थी। खनियाधाना की रेवई पंचायत में सरपंच जीवन सिंह आदिवासी की 9 अक्टूबर 2025, नया गांव गजोरा में सरपंच भाव सिंह आदिवासी की 5 नवंबर 2025 को मृत्यु हुई थी। वहीं कल्याण थाना क्षेत्र की सनवाल कला पंचायत में सरपंच भगवान सिंह बुंदेला की 25 मई 2026 को मृत्यु के बाद पद रिक्त हुआ है।
21 पंच के चुनाव इन ग्राम पंचायतों में होंगे
शिवपुरी में पाड़रखेड़ा, टोंगरा, मझेरा। पोहरी में बछोरा-02, जरियाकला। पिछोर में नागुली, मनपुरा, तिघारी, पिपारा, दबियागोविंद, भंवरहार। खनियाधाना में महुआ। बदरवास में मुढेरी, बामोर, इंदार, श्रीपुरचवक, कुटवारा, खरेह, सुनाज, विजयपुर।
आदेश चुनाव परिणाम की घोषणा तक प्रभावशील
निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायत एवं निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो निर्वाचन परिणाम की घोषणा तक प्रभावशील रहेगी। निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं राज्य निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल आईईएमएस के माध्यम से पूरी की जाएंगी।-
अर्पित वर्मा, कलेक्टर, शिवपुरी
%20(12).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।