पिछोर की चंदा और लालू की लव स्टोरी ने सोशल मीडिया पर क्रिएट किया हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्यार और भरोसे का कत्ल

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी के सोशल मीडिया पर बीते रोज एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में सीन था कि एक लड़की को कार से खींचकर कुछ लोग पीट रहे हैं। मारपीट के दृश्य में लड़की को सड़क पर खींचा जा रहा है। इस लड़की को एक युवक बचाने की कोशिश भी कर रहा था, लेकिन उसकी भी मारपीट की जा रही थी। इस वीडियो को देखकर लग रहा था कि मारपीट कर रहे लोग युवती को युवक से खींचकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
 

युवती लगातार चीख और चिल्ला भी रही थी। वायरल वीडियो के स्रोत में सिर्फ इतना लिखा आ रहा था कि यह वीडियो पिछोर क्षेत्र का है। शिवपुरी के लगभग प्रत्येक मीडियाकर्मी ने इस वीडियो को शेयर किया था।

मीडियाकर्मी भी इस वीडियो से जुड़े पूरे मामले की जानकारी के लिए दिनभर हाथ-पैर मार रहे थे। पुलिस को भी फोन लगाया जा रहा था। पुलिस कह रही थी कि वीडियो उनके पास भी आया है, लेकिन अभी तक कोई शिकायतकर्ता उनके पास नहीं आया है, न ही फोन या सटीक सूचना आई है। पुलिस भी अपने स्तर से पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि आखिर मामला क्या है।

शाम होते-होते ही मामले की परतें खुलना शुरू हो गईं। कहानी निकली पिछोर थाना क्षेत्र के गजौरा गांव की रहने वाली चंदा लोधी (पुत्री वीरन लोधी) की। चंदा इंदौर में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी कर रही थी। वहां चंदा को बंगाल के मूल निवासी और अपने सहकर्मी लालू बैरा से प्यार हो गया और दोनों ने शादी कर ली। इस शादी को परिजनों ने स्वीकार नहीं किया और चंदा तथा लालू को षड्यंत्रपूर्वक अलग कराने की एक स्क्रिप्ट प्लान कर ली।

परिवार द्वारा रची गई साजिश
बताया जा रहा है कि चंदा परिजनों के विरोध के कारण उनसे कट गई थी, तो उन्होंने चंदा की गुमशुदगी इंदौर में दर्ज करा दी। पुलिस की कार्रवाई के डर से चंदा फिर अपने परिजनों के संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि परिजनों ने चंदा और उसके पति लालू को बातचीत के लिए गजौरा बुलाया था। दोनों बुधवार को गांव पहुंचे, यहां परिवार ने अपनी रची हुई स्क्रिप्ट पर काम करना शुरू कर दिया।

बेटी के भरोसे का कत्ल
यहां परिवार के लोगों ने चंदा को रोकने की कोशिश की, जबकि लालू को वहां से भेजने का प्रयास किया गया। दोनों जब वापस जाने लगे तो पिछोर-चंदेरी मार्ग पर कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसी दौरान युवती को रोकने के लिए उसे कार से खींच लिया गया। युवती को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की गई। जब उसका पति लालू उसे बचाने पहुंचा, तो उसके साथ मारपीट कर दी गई। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले की स्थिति समझने के बाद युवती और उसके पति को वहां से जाने दिया। पिछोर थाना प्रभारी नीतू सिंह अहिरवार के अनुसार, युवती के लापता होने का मामला इंदौर में दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, दोनों बालिग हैं। उन्हें इंदौर पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। अब इस मामले में आगे की स्थिति युवती के बयान पर निर्भर करेगी। इंदौर में दर्ज गुमशुदगी के मामले की जांच और युवती के बयान से ही यह स्पष्ट होगा कि वह अपनी इच्छा से पति के साथ गई थी या मामले में किसी अन्य पहलू की भी जांच की जरूरत है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!