शिवपुरी ब्राहम्मण युवक युवती परिचय सम्मेलन के मंच पर खुलकर की जीवन साथी की बात,6 रिश्ते तय

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। रिश्ते जब सिर्फ दो लोगों के बीच नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच भरोसे और सहमति से तय हों तो विवाह की शुरुआत और भी खास हो जाती है। शिवपुरी में आयोजित 18वें अखिल भारतीय ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन में ऐसा ही माहौल देखने को मिला। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे सैकड़ों युवक-युवतियों और उनके परिजन एक-दूसरे से परिचित हुए। 

मंच पर युवाओं ने अपनी शिक्षा, नौकरी, करियर और जीवनसाथी को लेकर प्राथमिकताएं खुलकर साझा कीं। इसी संवाद के बीच 6 परिवारों ने आपसी सहमति से रिश्ते तय कर दिए, जबकि 335 विवाह योग्य युवक-युवतियों का सचित्र परिचय स्मारिका में शामिल किया गया। सम्मेलन ने रिश्ते तलाशने के साथ-साथ दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों से दूर सादगीपूर्ण विवाह का संदेश भी दिया। सम्मेलन में लगभग 120 युवकों एवं 35 युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया और अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यवसाय एवं पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी साझा की।

शिवपुरी में सकल ब्राह्मण महासमिति के तत्वावधान में 18वां एक दिवसीय अखिल भारतीय ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन तुलसी आश्रम बड़े हनुमान मंदिर स्थित परशुराम सभागार में आयोजित किया गया। सम्मेलन में शिवपुरी के अलावा ग्वालियर-चंबल, इंदौर और उज्जैन संभाग सहित राजस्थान के बारां जिले से भी विवाह योग्य युवक-युवतियां और उनके परिजन पहुंचे।

सम्मेलन में युवाओं को मंच से स्वयं का परिचय देने का अवसर मिला। उन्होंने अपनी शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय, करियर, जीवन मूल्यों और भावी जीवनसाथी को लेकर अपनी प्राथमिकताएं खुलकर बताईं। इस दौरान परिचय और संवाद के बाद 6 परिवारों के बीच आपसी सहमति से रिश्ते तय हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास, मुख्य वक्ता जगतगुरु बालक देवाचार्य काशी और कार्यक्रम अध्यक्ष व सकल ब्राह्मण महासभा के संस्थापक डॉ. जयवीर भारद्वाज ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। एकता सेकंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया।

335 युवक-युवतियों का सचित्र परिचय
आयोजन समिति द्वारा प्रकाशित परिचय स्मारिका में 335 युवक-युवतियों का सचित्र विवरण शामिल किया गया है। इनमें 48 प्रत्याशी शासकीय सेवा में कार्यरत हैं। स्मारिका के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों को एक-दूसरे के बारे में जानकारी हासिल करने का अवसर मिला।

दहेज प्रथा खत्म करने का आह्वान
मुख्य वक्ता जगतगुरु बालक देवाचार्य ने कहा कि परिचय सम्मेलन समाज के लिए उपयोगी मंच हैं। इनके माध्यम से समय और धन दोनों की बचत होती है तथा समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों को समाप्त करने** और विवाह में होने वाले फिजूलखर्च पर रोक लगाकर सादगीपूर्ण विवाह करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास ने परिचय सम्मेलन को योग्य जीवनसाथी तलाशने का प्रभावी सामाजिक मंच बताया।

शिक्षा, खेल और सेवा क्षेत्र की 26 प्रतिभाएं सम्मानित
समारोह में शिक्षा, खेल और शासकीय सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 26 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं परशुराम पट्टिका देकर सम्मानित** किया गया। इसके अलावा पंडित शंभूदयाल पराशर सहसराम वाले और पंडित भानुप्रताप सिंह शर्मा मड़वास वालों का शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन पं. महावीर प्रसाद मुद्गल और माणिक शर्मा ने किया। अंत में पंडित हरगोविंद शर्मा ने अतिथियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!