शिवपुरी। मनियर बायपास पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक परिवार अपनी समस्या का समाधान कराने के लिए 9 माह के मासूम बच्चे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया। परिवार का आरोप था कि वह पिछले 25-30 साल से इसी जगह झोपड़ी बनाकर रह रहा है, लेकिन अब पक्का मकान बनाने की कोशिश करने पर कुछ लोग उसे रोक रहे हैं। शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिवार ने कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।
मनियर निवासी पवन जाटव अपनी पत्नी सपना जाटव, मां रामश्री जाटव और 9 माह के बेटे इशांक के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया। पवन का आरोप है कि वह लंबे समय से इसी स्थान पर झोपड़ी बनाकर रह रहा है। अब वह यहां पक्का मकान बनाना चाहता है, लेकिन अतर सिंह धाकड़, राम स्वरूप धाकड़ सहित अन्य लोग उसे निर्माण करने से रोक रहे हैं। पवन ने यह भी आरोप लगाया कि उसे लगातार धमकाया जा रहा है और पुलिस में शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मामा को पुलिस ले गई तो परिवार ने उठाया कदम
पवन ने आरोप लगाया कि उसके मामा रामभजन को पुलिस पकड़कर ले गई थी। इसके बाद उसने परिवार के साथ पानी की टंकी पर चढ़ने का फैसला किया। परिवार का कहना था कि उसकी समस्या को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है, इसलिए उसने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह कदम उठाया।
नीचे पुलिस-प्रशासन, ऊपर परिवार; डेढ़ घंटे तक समझाइश
परिवार के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने भी पहुंचकर परिवार से नीचे उतरने की अपील की। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिए SDRF की टीम भी बुलाई गई। टीम आवश्यक सुरक्षा उपकरण और जाल लेकर मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस और प्रशासन ने परिवार को समझाया। अधिकारियों ने उनकी समस्या पर कार्रवाई और समाधान का भरोसा दिया। इसके बाद पवन अपनी पत्नी, मां और 9 माह के बेटे के साथ टंकी से नीचे उतर आया।
पक्के मकान की मांग के बीच आवास योजना का भरोसा
तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि परिवार सरकारी जमीन पर मकान बनाना चाहता था। परिवार को समझाइश दी गई है और उसे आवास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया गया है। अब इस मामले में परिवार की आवास संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।