शिवपुरी। सुरवाया थाना क्षेत्र में सिंध नदी में नहाने गए 15 वर्षीय किशोर की तेज बहाव में डूबने के बाद करीब 24 घंटे तक चली तलाश सोमवार को उसके शव की बरामदगी के साथ खत्म हुई। ग्राम डबिया निवासी दिनेश (15) पुत्र स्व. प्रकाश आदिवासी रविवार दोपहर दोस्तों के साथ नदी में नहा रहा था। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और दिनेश तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
दोस्तों के साथ नहा रहा था, अचानक बढ़ा पानी
जानकारी के अनुसार दिनेश रविवार दोपहर करीब 1 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ सिंध नदी में नहाने गया था। उसके साथी कुछ दूरी पर थे। इसी दौरान नदी का पानी अचानक बढ़ने लगा और तेज बहाव में दिनेश फंस गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। किशोर को नदी में डूबता देखकर मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग भी लगाई, लेकिन वह दिनेश तक नहीं पहुंच सका। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शाम को मिली पुलिस को सूचना
घटना की सूचना रविवार शाम करीब 5:45 बजे सुरवाया थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी के आसपास किशोर की तलाश शुरू कराई, लेकिन अंधेरा होने तक उसका कोई पता नहीं चल सका। इधर, रविवार को ऊपरी इलाकों में हुई बारिश के कारण सिंध नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा था। इसका असर मड़ीखेड़ा स्थित अटल सागर बांध पर भी पड़ा। जलस्तर बढ़ने के बाद बांध के चार गेट खोलकर पानी छोड़ा गया, जिससे सिंध नदी का बहाव और तेज हो गया।
24 घंटे बाद 500 मीटर दूर मिला शव
सोमवार को एसडीईआरएफ और होमगार्ड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद टीम को घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर दिनेश का शव मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। किशोर की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया।
रेस्क्यू अभियान में एसडीईआरएफ प्रभारी अफाक, मुकेश, युवंजय, देवेंद्र, रवि बिलवार, भैय्या साहब और कप्तान सेन सहित टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने शव बरामद कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।