खनियाधाना/शिवपुरी। खनियाधाना के पनिहारा तिराहा पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। हेमंत रजक ट्रक से सीमेंट की बोरियां उतार रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह ट्रक से नीचे जा गिरा। साथी मजदूरों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 6 राजबाड़ा मोहल्ला निवासी हेमंत रजक (26) पुत्र गोपाल रजक के रूप में हुई है। हेमंत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
ट्रक आगे बढ़ते ही हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सोमवार को हेमंत पनिहारा तिराहा पर कम्मा साहू के यहां खड़े ट्रक क्रमांक RJ09GD8725 से सीमेंट की बोरियां उतार रहा था। इसी दौरान ट्रक ड्राइवर ने वाहन को थोड़ा आगे बढ़ाया। ट्रक के आगे बढ़ने के दौरान ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में हेमंत का हाथ आ गया। बिजली का तेज झटका लगते ही हेमंत ट्रक से नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय उसके साथ कमल रजक, फूल सिंह रजक और अवधेश रजक भी काम कर रहे थे। उन्होंने तत्काल घटना की जानकारी हेमंत के परिजनों को दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले बुझ गई जिंदगी
सूचना मिलते ही हेमंत के बड़े भाई नीरज रजक और पिता गोपाल रजक मौके पर पहुंचे। परिजन उसे अचेत अवस्था में सरकारी अस्पताल खनियाधाना लेकर गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद हेमंत को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जिस युवक के हाथ परिवार की रोजी-रोटी चलाने में जुटे थे, वही हाथ बिजली की चपेट में आकर हमेशा के लिए थम गए।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खनियाधाना पीएम हाउस में रखा गया है। मृतक के भाई नीरज रजक की मौखिक रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।