सावधान शिवपुरी, शहर का हर 10वां घर बना डेंगू की नर्सरी, तेजी से बढ रहा है डेंगू और मलेरिया

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शहर में चार मासूम बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जब डेंगू-मलेरिया के संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की तो सामने आए आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी। 39 वार्डों में चल रहे घर-घर लार्वा सर्वे के दौरान अब तक करीब 5 हजार घरों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 489 घरों में डेंगू-मलेरिया का लार्वा मिला है। यानी सर्वे किए गए घरों में करीब 9.78 प्रतिशत घरों में लार्वा पाया गया-औसतन हर 10वां घर मच्छरों की नर्सरी बना हुआ है।

इस डाटा से लिखा जा सकता है कि अब मच्छरो को गंदा नाला,या गंदा पानी मे पनपने के जरूरत नही हम और आप ही साफ पानी मे मच्छरो की नर्सरी बनाने मे सहायक हो रहे है,इसी का परिणाम है कि शिवपुरी जिला चिकित्सालय में मंगलवार को  प्रभव मांझी, निवासी न्यू ब्लॉक, का - परीक्षण हुआ। आहिल, निवासी सईसपुरा, का भी परीक्षण हुआ। दोनों की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई। पोहरी के शहरी क्षेत्र में 18 मरीज मलेरिया पॉजिटिव निकले। जिले के आठ विकासखंडों में पोहरी में मलेरिया तेजी से बढ़ा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा को जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में आने वाले मरीजों के आंकड़े मिले। इसके बाद पड़ताल शुरू कराई गई। जनवरी से 8 सितंबर 2026 तक 14 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले। इसी अवधि में मलेरिया के 29 केस पॉजिटिव आए। इनमें 18 केस अकेले पोहरी के हैं।

8 साल के प्रभव को तेज बुखार, जांच में निकला डेंगू पॉजिटिव
प्रभव मांझी 8 साल निवासी न्यू ब्लॉक के पिता हेमंत ने बताया कि उसके बेटे को जब बुखार आया तो उस जिला चिकित्सालय में भर्ती कराने ले गए। 5 अगस्त को जब जांच हुई तो डॉक्टर पाठक ने बताया की इन्हें गंभीर बुखार है। डेंगू भी हो सकता है। जांच के बाद आज पता चला है की उस डेंगू हुआ है।

शिवपुरी में बीमार पड़ा आहिल, हमीदिया अस्पताल में भर्ती
आहिल 8 साल के पिता कालू निवासी सईस पुरा ने बताया कि शिवपुरी में जिला अस्पताल में बेटे का इलाज चल रहा था। इसी दौरान वह बीमार हुआ। तभी रिश्तेदारी में भोपाल में गमी हो गई तो हम भोपाल आ गए। जहां उसका इलाज हमीदिया हॉस्पिटल में चल रहा है।

20 हजार से ज्यादा पानी की टंकियां जांचीं, 634 में मिला लार्वा
शहर में एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और डेंगू-मलेरिया के संभावित स्रोतों की जांच के लिए बड़े स्तर पर सर्वे शुरू किया गया।सर्वे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 20,613 पानी की टंकियों की जांच की। इनमें से 634 टंकियों में लार्वा मिला। इसी तरह शहर में 4,680 कूलरों को भी चेक किया गया, जिनमें से 141 कूलरों में लार्वा पाया गया। ये आंकड़े इस बात की ओर इशारा करते हैं कि घरों में लंबे समय से जमा पानी मच्छरों के लिए अनुकूल जगह बन रहा है। खासकर ऐसी पानी की टंकियां और कूलर, जिनकी नियमित सफाई नहीं होती, वहां मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ जाती है।

कूलर और पानी की टंकियां बनीं सबसे बड़ा खतरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार घरों में रखे कूलर, पानी की टंकियां, गमले, पुराने टायर और ऐसे अन्य सामान, जिनमें पानी कुछ दिनों तक जमा रहता है, मच्छरों के प्रजनन स्थल बन सकते हैं। यही कारण है कि सर्वे टीमों का फोकस घरों के भीतर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच पर भी है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. संजय ऋषीश्वर ने लोगों से अपील की है कि घरों में रखे कूलर, गमले, पुराने टायर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें तथा उनमें पानी जमा न होने दें। उनका कहना है कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर साफ पानी में भी पनप सकता है, इसलिए केवल गंदे पानी को ही बीमारी का कारण मानकर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। वहीं, आसपास जमा गंदे पानी को हटाने तथा मलेरिया के लार्वा नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताए गए उपाय अपनाने की अपील की गई है।

39 वार्डों में 134 सर्वे दल उतरे
अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने के लिए शहर के सभी 39 वार्डों में 134 सर्वे दल गठित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और नगर पालिका के 240 से अधिक कर्मचारियों को इस अभियान में लगाया गया है। इन टीमों में 134 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 47 आशा कार्यकर्ता, 23 एएनएम, 10 नगर पालिका कर्मचारी, 18 एमपीडब्ल्यू और 8 मलेरिया विभाग के कर्मचारी शामिल हैं। ये कर्मचारी घर-घर जाकर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच करने के साथ लोगों को मच्छरों से बचाव के उपाय भी बता रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!