Shivpuri News: हाईवे पर एक्सीडेंट, मुड़खेड़ा में बैल से भिड़ी बाइक, विकास सहित बैल की मौत

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले से गुजरने वाले हाईवे पर आवारा गौवंश अब केवल यातायात में बाधा नहीं, बल्कि गंभीर सड़क हादसों की वजह बनता दिखाई दे रहा है। बुधवार को जिले में कुछ घंटों के अंतराल में गौवंश से जुड़े दो हादसे सामने आए। सुबह सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से छह गौवंश की मौत हो गई, जबकि रात में सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास सड़क पर बैठे बैल से बाइक टकराने से 38 वर्षीय बाइक सवार विकास भार्गव की जान चली गई। इस हादसे में बैल की भी मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही दिन में हुए इन दोनों हादसों ने हाईवे पर गौवंश की मौजूदगी और सड़क सुरक्षा के इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि सड़क से गौवंश को हटाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद हाईवे और प्रमुख मार्गों पर गौवंश के झुंड और सड़क पर बैठे मवेशी दिखाई दे रहे हैं।

ग्वालियर से लौट रहे थे विकास, रास्ते में जिंदगी ने साथ छोड़ा
खेड़ापति कॉलोनी, शिवपुरी निवासी विकास भार्गव (38) पिता विनोद भार्गव बुधवार को किसी काम से बाइक से ग्वालियर गए थे। रात करीब 8 बजे वे ग्वालियर से शिवपुरी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुभाषपुरा थाना क्षेत्र में मुड़खेड़ा टोल प्लाजा के पास सड़क पर एक बैल बैठा हुआ था।बताया गया है कि बाइक की बैल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक सवार विकास भार्गव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवे एंबुलेंस की मदद से घायल विकास को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

सुबह कार की टक्कर से 6 गौवंश की मौत
बुधवार सुबह भी सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर गौवंश की वजह से बड़ा हादसा हुआ। यहां सड़क पर मौजूद करीब आठ गौवंश से एक कार टकरा गई। कार में उत्तर प्रदेश के दो लोग सवार थे। हादसे में छह गौवंश की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार दोनों लोग वाहन के अंदर फंस गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सुबह हुए इस हादसे के कुछ घंटे बाद रात में मुड़खेड़ा के पास बैल से बाइक टकराने की घटना सामने आ गई। इस बार सड़क पर बैठे गौवंश की वजह से एक इंसान की जान चली गई और बैल की भी मौत हो गई।

आदेश के बावजूद हाईवे पर क्यों बैठे हैं गौवंश?
शिवपुरी जिले में सड़क और हाईवे पर आवारा गौवंश की मौजूदगी कोई नई समस्या नहीं है। कई प्रमुख मार्गों पर शाम होते ही गौवंश सड़क किनारे से लेकर मुख्य सड़क तक पहुंच जाते हैं। कई बार मवेशी सड़क पर बैठ जाते हैं और रात के समय वाहन चालकों को दूर से दिखाई भी नहीं देते। जिला प्रशासन की ओर से सड़कों से गौवंश को हटाने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद जमीनी स्थिति में अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं देने के आरोप सामने आ रहे हैं।

इंसान के साथ बेजुबानों की भी जा रही जान
गौवंश के कारण होने वाले हादसों का नुकसान केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है। सड़क पर वाहनों की चपेट में आकर बड़ी संख्या में गौवंश भी घायल और मृत हो रहे हैं। जिले में सामने आए हादसों में अब तक करीब आधा सैकड़ा गौवंश की मौत होने की बात कही जा रही है।

बुधवार की दोनों घटनाएं इस समस्या की गंभीरता को सामने लाती हैं। सुबह छह गौवंश की मौत हुई तो रात में एक बाइक सवार की जान चली गई। ऐसे में सवाल केवल हादसे के बाद की कार्रवाई का नहीं, बल्कि हादसा होने से पहले सड़क पर बैठे गौवंश को हटाने और हाईवे को सुरक्षित बनाने की व्यवस्था का भी है।

रात में बढ़ जाता है खतरा
हाईवे पर बैठे गौवंश का खतरा रात के समय और बढ़ जाता है। तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक सड़क पर बैठा मवेशी आने से वाहन चालक को संभलने का पर्याप्त मौका नहीं मिलता। दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो जाती है। मुड़खेड़ा की घटना में भी बाइक और बैल की टक्कर ने एक परिवार को बड़ा नुकसान पहुंचाया। वहीं सतनबाड़ा की घटना में छह गौवंश की मौत ने सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी से पैदा हो रहे खतरे को फिर उजागर कर दिया है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!