शिवपुरी। किसानों को ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की खरीद में सावधानी बरतने की सलाह देने वाला एक सोशल मीडिया वीडियो अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामला शिवपुरी के 22 वर्षीय यूट्यूबर राहुल धाकड़ से जुड़ा है, जिसने ट्रैक्टर के हुड की गुणवत्ता को लेकर वीडियो बनाकर किसानों को जागरूक करने की कोशिश की थी।
वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के अगले ही दिन विवाद खड़ा हो गया। राहुल का आरोप है कि वीडियो में दिखाए गए हुड के विक्रेता ने उसे फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। राहुल ने कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर नेपाल सिंह धाकड़ के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किसानों के लिए बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर पहुंचते ही विवाद
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार ग्राम ठर्रा निवासी राहुल धाकड़ वर्तमान में हनुमान कॉलोनी में रहते हैं और यूट्यूब सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसानों के लिए जागरूकता से जुड़े वीडियो बनाते हैं। उनका उद्देश्य ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और खेती में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में किसानों को जानकारी देना है।
राहुल ने 15 सितंबर को ट्रैक्टर में लगाए जाने वाले हुड की गुणवत्ता को लेकर एक वीडियो तैयार किया था। हुड का इस्तेमाल ट्रैक्टर चालक को धूप और बारिश से बचाने के लिए किया जाता है। वीडियो में राहुल ने एक ट्रैक्टर पर लगे हुड को दिखाते हुए उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए और किसानों को कृषि उपकरण खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और मजबूती की जांच करने की सलाह दी। वीडियो तैयार करने के बाद राहुल ने उसे रात में इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो में नाम नहीं लिया, फिर भी फोन पर हुआ विवाद
राहुल के अनुसार जिस ट्रैक्टर के हुड को वीडियो में खराब गुणवत्ता का बताया गया था, वह नेपाल सिंह धाकड़ की दुकान से लगवाया गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद 16 सितंबर की सुबह करीब 8:51 बजे नेपाल सिंह ने राहुल को फोन किया।
शिकायत में राहुल ने बताया कि फोन पर नेपाल सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने को लेकर आपत्ति जताई। राहुल ने कथित तौर पर जवाब दिया कि वीडियो में किसी व्यक्ति या दुकान का नाम नहीं लिया गया है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। राहुल का आरोप है कि बातचीत के दौरान उसके साथ गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
बातचीत की रिकॉर्डिंग बनी एफआईआर का आधार
मामला केवल फोन पर हुई बहस तक सीमित नहीं रहा। राहुल ने कथित बातचीत को मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में लेकर वह कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस को उपलब्ध कराया। पुलिस ने शिकायत के साथ उपलब्ध रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी नेपाल सिंह धाकड़ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस रिकॉर्डिंग की जांच करने के साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।