शिवपुरी। शिवपुरी रेलवे स्टेशन के पास 5 अगस्त को इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आने से जान गंवाने वाले युवक की पहचान हो गई है। मृतक अशोकनगर जिले के कदवाया थाना क्षेत्र के छपरा गांव निवासी 25 वर्षीय भुजवल जाटव पुत्र चंदन जाटव था। पहचान के बाद पुलिस अब दफनाए गए शव को बाहर निकालकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू करेगी।
ट्रेन की चपेट में आने से हुई थी मौत
5 अगस्त की रात गाड़ी संख्या 12197 इंटरसिटी के चालक ने शिवपुरी रेलवे स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी थी। चालक के अनुसार, SVPI-PARM के बीच किलोमीटर नंबर 1196/13-15 पर एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर लेटा था। चालक ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय युवक की पहचान नहीं हो सकी थी। इसके चलते कोतवाली पुलिस ने करीब दो दिन पहले शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे दफना दिया था।
परिजन ने पहुंचकर की शव की पहचान
सोमवार को सूचना मिलने पर भुजवल के परिजन कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव परिजनों को सौंपा जाएगा। एक साल पहले मजदूरी के लिए ग्वालियर गया था
भुजवल की मां देवकी जाटव ने बताया कि करीब एक साल पहले एक ठेकेदार उनके बेटे को मजदूरी दिलाने के बहाने ग्वालियर ले गया था। वहां भुजवल एक होटल में काम करने लगा। करीब तीन महीने पहले वह घर आया था और इसके बाद फिर ग्वालियर चला गया। पिछले कुछ दिनों से भुजवल से फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिवार ने लगातार उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली।
ग्वालियर से शिवपुरी कैसे पहुंचा अभी नहीं हुआ स्पष्ट
भुजवल ग्वालियर से शिवपुरी कैसे पहुंचा या वह इंटरसिटी ट्रेन में सवार होकर आया था, यह अभी स्पष्ट नहीं है। चालक के बयान के अनुसार, रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर युवक ट्रेन को देखकर पटरी पर लेट गया था। चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
भुजवल ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण भी अभी स्पष्ट नहीं है। उसकी मां ने होटल संचालक या ठेकेदार द्वारा बेटे को परेशान किए जाने की आशंका जताई है। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।