शिवपुरी,PWD के SDO का व्हाट्सएप ठग के हाथ में,ठेकेदार से वसूल लिए 1 लाख 30 हजार में

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

पोहरी। साइबर ठग अब लोगों के मोबाइल नंबर ही नहीं, बल्कि उनके वाट्सएप अकाउंट हैक कर परिचितों के भरोसे को हथियार बना रहे हैं। पोहरी में ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लोक निर्माण विभाग (PWD) के SDO के नाम से आए वाट्सएप संदेश को सही मानकर एक परिचित ठेकेदार ने साइबर ठगों को 1 लाख 30 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
ठगी का खुलासा तब हुआ, जब परिचितों ने बताया कि SDO का वाट्सएप अकाउंट हैक हो चुका है और उनके नाम से किसी भी तरह का लेन-देन करने से बचें।

मामले में ठेकेदार उदय सिंह धाकड़ (39), निवासी अंसारी कॉलोनी पोहरी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि पिछले 15 दिनों में पोहरी क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का यह चौथा मामला सामने आया है।

पहले वाट्सएप कॉल, फिर मदद के नाम पर संदेश
उदय सिंह धाकड़ के मुताबिक, 28 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे उनके मोबाइल पर परिचित PWD SDO हरिवल्लभ वर्मा के नाम से वाट्सएप कॉल आया। नेटवर्क की समस्या के कारण वह कॉल रिसीव नहीं कर सके। कुछ देर बाद उसी वाट्सएप नंबर से चैट पर संदेश आया। संदेश में बताया गया कि SDO का UPI ब्लॉक हो गया है और उन्हें तत्काल एक लाख रुपए की जरूरत है।चूंकि संदेश परिचित अधिकारी के वाट्सएप नंबर से आया था, इसलिए उदय सिंह को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। ठगों ने बातचीत को विश्वसनीय बनाए रखने के लिए एक बारकोड भेजा और उसमें रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा।

पहले 40 हजार, फिर 30-30 हजार की किश्तें
उदय सिंह ने भरोसा करते हुए पहले 40 हजार रुपए बारकोड के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद सामने से फिर राशि भेजने के लिए कहा गया। उन्होंने दो अलग-अलग किश्तों में 30-30 हजार रुपए और ट्रांसफर कर दिए।

इस तरह शुरुआती तीन ट्रांजेक्शन में एक लाख रुपए ठगों तक पहुंच गए।
लेकिन ठग यहीं नहीं रुके। कुछ देर बाद फिर 30 हजार रुपए की मांग की गई। इस बार आरोपी ने एक मोबाइल नंबर भेजा, जिस पर गोलू कुमार नाम दिखाई दे रहा था। उदय सिंह ने दूसरे फोन-पे खाते से उस नंबर पर भी 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इस तरह देखते ही देखते कुल 1.30 लाख रुपए साइबर ठगों के खातों में पहुंच गए।

परिचितों ने बताया- SDO का वाट्सएप हैक हो गया
रुपए ट्रांसफर करने के कुछ समय बाद उदय सिंह को परिचितों के जरिए पता चला कि SDO हरिवल्लभ वर्मा का वाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है। उनके नाम से लोगों को संदेश भेजकर रुपए मांगे जा रहे हैं। यह सुनते ही उदय सिंह को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी।

15 दिन में चौथा ऑनलाइन ठगी का मामला
पोहरी क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे साइबर ठगी के मामलों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले करीब 15 दिनों में ऑनलाइन ठगी का यह चौथा मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने किसी अनजान व्यक्ति को निशाना बनाने के बजाय एक परिचित अधिकारी के हैक किए गए वाट्सएप अकाउंट का इस्तेमाल किया।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि साइबर अपराधी किस तरह लोगों के भरोसे और परिचितों की पहचान का इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हैक किया गया वाट्सएप अकाउंट किस तरह इस्तेमाल हुआ तथा रकम किन खातों में पहुंची।

साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार, किसी परिचित या अधिकारी के नंबर से अचानक रुपए मांगने वाला संदेश आए तो केवल नंबर देखकर भरोसा नहीं करना चाहिए। खासतौर पर बारकोड, QR कोड या किसी अन्य खाते में तत्काल रकम भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से फोन पर सीधे संपर्क कर पुष्टि करना जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!