Shivpuri News: युवती ने प्रेम विवाह के बाद मांगी सुरक्षा, पिता और मामा दे रहे है जान से मारने की धमकी

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। प्रेम विवाह के बाद एक नवविवाहिता ने अपने ही परिवार से जान का खतरा बताते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। अशोकनगर जिले की रहने वाली युवती ने आवेदन देकर दावा किया है कि उसने अपनी मर्जी से शिवपुरी जिले के युवक से वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया है, लेकिन अब उसके पिता, मामा और अन्य परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं और उसे तथा उसके पति के परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। युवती ने पुलिस से अनुरोध किया है कि उसके, उसके पति और ससुराल पक्ष की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अपनी मर्जी से किया प्रेम विवाह
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में युवती ने बताया कि वह वार्ड क्रमांक-10, मुख्य मार्ग शाडोरा, जिला अशोकनगर की रहने वाली है। उसने कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी इच्छा से, बिना किसी दबाव के कोलारस तहसील के ग्राम वल्हेरा निवासी शिवम छारी उम्र 27 साल से विवाह किया है।

युवती के अनुसार, दोनों ने ग्वालियर स्थित आर्य समाज वैदिक संस्कार केंद्र और नागपुर के आर्य समाज में वैदिक रीति-रिवाज से विवाह किया। इसके बाद नागपुर महानगर पालिका में विवाह का पंजीयन भी कराया गया, जिसका प्रमाण पत्र भी उनके पास मौजूद है।

हम पति-पत्नी की तरह रह रहे हैं और खुश हैं
युवती ने आवेदन में लिखा है कि वह और शिवम छारी पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं और अपने वैवाहिक जीवन से खुश हैं। उसने स्पष्ट किया कि यह विवाह उसकी स्वतंत्र इच्छा से हुआ है और इस संबंध में किसी ने उसे मजबूर नहीं किया।

पिता और मामा पर गंभीर आरोप
आवेदन में युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पिता धनश्याम ओझा, मामा और परिवार के अन्य सदस्य विवाह से नाराज हैं। उनका कहना है कि बिना परिवार की सहमति के शादी करने पर वे दोनों को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। युवती ने आशंका जताई है कि उसके परिजन उसे अशोकनगर बुलाकर नुकसान पहुंचा सकते हैं या फिर शिवपुरी जिले के ग्राम वल्हेरा पहुंचकर उसके, उसके पति और ससुराल वालों के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं।

वीडियो कॉल पर भी बताई थी अपनी मर्जी
युवती ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि नागपुर पुलिस ने उसके परिजनों से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई थी। उस दौरान भी उसने स्पष्ट रूप से कहा था कि उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है और वह अब अपने मायके पक्ष से कोई संबंध नहीं रखना चाहती। उसका कहना है कि यदि भविष्य में उसके परिवार की ओर से उसके संबंध में कोई शिकायत की जाती है, तो उसे संदेह की दृष्टि से देखा जाए, क्योंकि परिवार के लोग उसे और उसके पति को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

एसपी से सुरक्षा की मांग
नवविवाहिता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसे, उसके पति शिवम छारी और ससुराल पक्ष को सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही उसने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुरक्षा नहीं मिली तो कोई गंभीर घटना हो सकती है।
फिलहाल यह मामला युवती द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन पर आधारित है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आवेदन के आधार पर आवश्यक जांच और वैधानिक कार्रवाई कर सकती है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!