Shivpuri News: अचानक से पहुंचे स्कूल मे आईपीएस अर्पित वर्मा, क्लास शुरूकर दी, पढिए खबर

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा गुरुवार को पूरे दिन एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने पिछोर और खनियाधाना क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर सरकारी व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। कहीं किसानों से खाद वितरण की जानकारी ली, कहीं स्कूलों में बच्चों से पढ़ाई के सवाल पूछे तो कहीं छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता जांची। वहीं गौशाला के निरीक्षण के दौरान चारागाह की सरकारी जमीन पर अवैध खेती मिलने पर अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

खाद केंद्र पर किसानों से पूछा- समय पर मिल रही है खाद या नहीं
निरीक्षण की शुरुआत पिछोर स्थित खाद वितरण केंद्र से हुई। यहां कलेक्टर ने उर्वरक के भंडारण, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने वितरण रजिस्टर और पर्चियों का मिलान कराया तथा किसानों से सीधे बातचीत कर पूछा कि उन्हें समय पर खाद मिल रही है या नहीं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद वितरण में किसी प्रकार की मनमानी, पक्षपात या देरी बर्दाश्त नहीं होगी। प्रत्येक पात्र किसान को पारदर्शी व्यवस्था के तहत समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

स्कूल पहुंचे तो बच्चों से पूछे सवाल, परखी पढ़ाई की गुणवत्ता
इसके बाद कलेक्टर खनियाधाना विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दवियाकलां पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कक्षा में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे सवाल पूछे और उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया।

उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि केवल उपस्थिति बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों की सीखने की गुणवत्ता में भी सुधार दिखना चाहिए। विद्यालय परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सांदीपनि विद्यालय में निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची
कलेक्टर ने खनियाधाना स्थित सांदीपनि विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वोकेशनल कक्षाओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता जानी। विद्यालय में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं में भी तत्काल सुधार सुनिश्चित करने को कहा।

गौशाला में मिला चारागाह पर कब्जा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान ग्राम दवियाकलां की गौशाला में एक गंभीर स्थिति सामने आई। कलेक्टर ने पाया कि गौशाला से लगी सरकारी चारागाह भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही है। इस पर उन्होंने तत्काल राजस्व अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा चारागाह को गौवंश के लिए मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

छात्रावास में छात्राओं से सीधे पूछा- भोजन कैसा मिलता है ?
खनियाधाना स्थित अनुसूचित जाति सीनियर एवं उत्कृष्ट कन्या छात्रावास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास परिसर, कमरों और साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके बाद रसोईघर पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न भंडारण और स्वच्छता की जांच की। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन और छात्रावास की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए।

लापरवाही नहीं चलेगी
निरीक्षण के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसेवा, शिक्षा, खाद वितरण, छात्रावासों की व्यवस्थाएं और सरकारी परिसंपत्तियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासन लगातार गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहा है, ताकि लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से मिल सके।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!