शिवपुरी। परिवार का पेट पालने के लिए शुक्रवार शाम टमाटर की मजदूरी करने निकले एक मजदूर की जिंदगी रास्ते में ही थम गई। कोलारस थाना क्षेत्र के सेसई रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद उसका एक पैर शरीर से अलग हो गया, जबकि लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और तीन बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
मजदूरी करने जा रहे थे कन्हैया
जानकारी के अनुसार, हिरापुर गांव निवासी कन्हैया आदिवासी 40 शुक्रवार शाम अपनी बाइक से सिंघनिवास गांव स्थित एक कृषि फार्म पर टमाटर की मजदूरी करने जा रहे थे। रोज की तरह वे मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने निकले थे, लेकिन सेसई गांव के पास सामने से आ रहे एक लोडिंग वाहन से उनकी बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि एक पैर कटकर अलग हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की भिड़ंत बेहद तेज थी। टक्कर लगते ही कन्हैया गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिरे और उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। वहीं लोडिंग वाहन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गई सांसों की डोर
घायल कन्हैया को एंबुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलारस ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में आई गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
कन्हैया आदिवासी की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे तीन बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
लोडिंग वाहन जब्त, जांच शुरू
कोलारस थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोडिंग वाहन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसा आमने-सामने की टक्कर का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।