शिवपुरी। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय आम दिनों की तरह फरियादियों से भरा रहा, लेकिन इस बार तीन अलग-अलग मामलों ने हर किसी का ध्यान खींच लिया। कहीं 80 वर्षीय बुजुर्ग मां अपने ही बेटे और बहू द्वारा घर से निकाले जाने के बाद बड़े बेटे के कंधों पर बैठकर न्याय मांगने पहुंची, तो कहीं जन्मदिन मनाने जा रहे युवकों पर गैंग बनाकर किए गए हमले का मामला सामने आया। वहीं सिंहनिवास गांव की एक महिला मारपीट का वीडियो लेकर एसपी कार्यालय पहुंची और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। तीनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस पर समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई।
80 वर्षीय मां बोली- बेटे ने घर से निकाला, अब रहने को टपरा भी नहीं
फिजिकल थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय विमला बाल्मीक अपने बड़े बेटे के कंधों पर बैठकर एसपी कार्यालय पहुंचीं। वृद्धावस्था और चलने-फिरने में असमर्थ होने के बावजूद वह न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस अधीक्षक से मिलने आईं। विमला बाल्मीक ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। पारिवारिक विवाद के बाद उन्होंने बड़े बेटे के रहने के लिए मकान में अलग कमरा बनवा दिया था, लेकिन छोटे बेटे विक्रम बाल्मीक ने मकान के दो अन्य कमरों पर कब्जा कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि छोटे बेटे और बहू ने उन्हें तथा उनके पति बालमुकुंद बाल्मीक को घर से निकाल दिया। रहने के लिए बाहर एक अस्थायी टपरा डाल दिया गया, लेकिन लगातार बारिश के कारण वहां रहना भी मुश्किल हो गया। जब उन्होंने घर में एक कमरा खाली करने की बात कही तो उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें दोबारा घर से भगा दिया गया।
वृद्ध दंपती का कहना है कि पिछले तीन दिनों से वे बेघर होकर इधर-उधर रहने को मजबूर हैं। फिजिकल थाना में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर मकान की सुपुर्दगी दिलाने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। एसपी कार्यालय ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
जन्मदिन मनाने जा रहे युवकों पर गैंग का हमला
शहर में गैंगबाजी का एक और मामला सामने आया है। देहात थाना क्षेत्र में जन्मदिन मनाने जा रहे युवकों पर स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने सरिया और डंडों से हमला कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर अपने गैंग का दबदबा दिखाने की कोशिश भी की।
पुरानी शिवपुरी के कुशवाह मोहल्ला निवासी अंकित कुशवाह (23) ने कोतवाली थाना में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि वह अपने साथियों देवेंद्र, दीपेश, योगेश, राहुल और मोहित कुशवाह के साथ मित्र हिमांशु बाथम का जन्मदिन मनाने पिपरसमा जा रहा था। गुरुनानक इंटरनेशनल स्कूल के पास पीछे से बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो आई, जिसमें सवार देवा रावत, अभि धाकड़, प्रिंस रावत और राजवीर गुर्जर नीचे उतरे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर देवा रावत ने कांटेदार तार लगे डंडे से अंकित के हाथ पर हमला कर दिया, जबकि राजवीर गुर्जर ने सरिया से उसके सिर पर वार किया। बीच-बचाव करने आए अन्य युवकों के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर शहर में भय का माहौल बनाने और अपनी गैंग का दबदबा दिखाने का प्रयास किया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुत्ता कहने के विवाद ने लिया हिंसक रूप
शिवपुरी जिले के सिंहनिवास गांव में एक बच्ची द्वारा कथित रूप से कुत्ता कहने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया। घटना में घायल महिला **लाली जाटव सोमवार को मारपीट का वीडियो लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
लाली जाटव ने बताया कि 24 जुलाई की सुबह वह घर के बाहर बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान उनकी बड़ी सास नारायणी जाटव वहां पहुंचीं और आरोप लगाया कि उनकी बेटी अवनी ने शाहिल को कुत्ता कहा है। जब उन्होंने इस आरोप से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।
पीड़िता के अनुसार, नारायणी जाटव, दीपा जाटव, क्रांति जाटव और बद्री जाटव ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया, जिससे हाथ, पीठ, पेट और पैरों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके ससुर रमेश जाटव के सिर पर ईंट मार दी गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पति रविदास जाटव की छोटी उंगली मरोड़ दी गई, जो फ्रैक्चर हो गई। पीड़िता ने मारपीट के दौरान सोने का लॉकेट गिर जाने का भी आरोप लगाया।
महिला ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया था, लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि आरोपी पक्ष ने खुद को चोट पहुंचाकर उनके खिलाफ भी झूठा मामला दर्ज करा दिया। एसपी कार्यालय में उन्होंने मारपीट का वीडियो सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।