शिवपुरी। किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी उसका भरोसा होता है। जब उसी भरोसे की जिम्मेदारी संभालने वाला कर्मचारी गद्दारी कर बैठे तो नुकसान सिर्फ पैसों का नहीं, विश्वास का भी होता है। शिवपुरी जिले के पोहरी में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां कृषि सेवा केंद्र के संचालक ने अपने ही पूर्व सेल्स मैनेजर पर बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में हेरफेर कर करीब 3 लाख रुपए का चूना लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोहरी थाना क्षेत्र में एक कृषि सेवा केंद्र में भरोसे को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। जिस कर्मचारी को दुकान की बिक्री, स्टॉक और नकदी का पूरा हिसाब-किताब संभालने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसी पर लाखों रुपए की आर्थिक गड़बड़ी करने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पूर्व सेल्स मैनेजर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम राठखेड़ा निवासी आकाश वर्मा नायरा पेट्रोल पंप के पास सोनीपुरा-शिवपुरी रोड स्थित दिव्या कृषि सेवा केंद्र का संचालन करते हैं। यहां कृषि दवाइयों, बीज और खाद की बिक्री की जाती है। वर्ष 2022 में उन्होंने ऐनपुरा निवासी अमन धाकड़ (वर्मा) को 8,500 रुपए प्रतिमाह वेतन पर सेल्स मैनेजर नियुक्त किया था।
आकाश वर्मा के मुताबिक अमन को दुकान की बिक्री, स्टॉक का रखरखाव, बिल बुक, स्टॉक रजिस्टर और नकदी का पूरा हिसाब-किताब सौंपा गया था। संस्थान ने उस पर भरोसा जताते हुए पूरे संचालन की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन यही भरोसा बाद में सबसे बड़ी भूल साबित हुआ।
बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर के मिलान में खुली पोल
संचालक ने बताया कि 11 जनवरी 2026 को दुकान के बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया गया। जांच के दौरान दोनों रिकॉर्ड में बड़ा अंतर सामने आया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
जांच में पता चला कि बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में कई स्थानों पर काटछांट की गई थी और अतिरिक्त प्रविष्टियां दर्ज कर रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की गई। इस गड़बड़ी के कारण कृषि सेवा केंद्र को करीब 2 से 3 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।
पूछताछ में गलती स्वीकारने का दावा
शिकायतकर्ता आकाश वर्मा का कहना है कि जब अमन धाकड़ से इस संबंध में पूछताछ की गई तो उसने अपनी गलती स्वीकार कर नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बाद में उसने न तो कोई राशि लौटाई और न ही अपने वादे पर अमल किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद पोहरी थाना पुलिस ने आरोपी अमन धाकड़ (वर्मा) निवासी ऐनपुरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है तथा दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।