शिवपुरी,जिला अस्पताल में जेबकतरे का खेल,प्रसूता के पति की जेब से उड़ाए 10 हजार,पकडा गया

Lalit Mudgal
0
shivpuri-news

शिवपुरी। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां प्रसव के लिए पत्नी को भर्ती कराने आए एक युवक की जेब से 10 हजार रुपए चोरी हो गए। पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हैरानी की बात यह रही कि कुछ दिनों बाद वही आरोपी दोबारा अस्पताल पहुंच गया, जहां पीड़ित ने उसे पहचान लिया, पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पत्नी को भर्ती कराया, गेट पास बनवाते समय हो गई चोरी
जानकारी के अनुसार, नरवर के गणेश बाजार निवासी केशव राठौर (36) अपनी पत्नी दीक्षा राठौर को प्रसव के लिए 20 जुलाई को जिला अस्पताल लेकर आए थे। पत्नी को जच्चा वार्ड में भर्ती कराने के बाद वह सुबह करीब 11:20 बजे ट्रॉमा सेंटर में गेट पास बनवाने के लिए लाइन में खड़े थे।

इसी दौरान एक युवक उनके पीछे आकर खड़ा हो गया। गेट पास बनवाने के बाद जब केशव अपनी पत्नी के पास पहुंचे तो उन्हें अहसास हुआ कि उनकी पैंट की पिछली जेब में रखे 10 हजार रुपए गायब हैं। अचानक रकम गायब होने से उनके होश उड़ गए।

CCTV फुटेज ने खोली जेबकतरे की करतूत
घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि *काली टी-शर्ट और काला लोअर पहने एक युवक बड़ी सफाई से केशव राठौर की जेब से नकदी निकाल रहा है। पीड़ित ने बताया कि यह रकम उन्होंने पत्नी के प्रसव के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उधार लेकर रखी थी। ऐसे समय में पैसे चोरी हो जाने से परिवार को आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा।

कुछ दिन बाद फिर अस्पताल पहुंचा आरोपी, पीड़ित ने दबोचा
चोरी की घटना के बाद केशव लगातार आरोपी की तलाश कर रहे थे। कुछ दिनों बाद जब वह दोबारा जिला अस्पताल पहुंचे तो उनकी नजर उसी युवक पर पड़ी, जो सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया था। केशव को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया और अस्पताल परिसर में ही पकड़ लिया। इसके बाद उसे सीधे पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में सामने आई आरोपी की पहचान
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विशाल शाक्य निवासी फिजिकल थाना क्षेत्र, शिवपुरी बताया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने इससे पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

दूसरे साथी की भूमिका की भी जांच
पीड़ित केशव राठौर का आरोप है कि पकड़ा गया युवक अकेला नहीं था। उनके अनुसार, घटना के समय एक अन्य व्यक्ति भी मरीज या अटेंडर बनकर अस्पताल में मौजूद था और दोनों ने मिलकर चोरी की योजना को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी जेबकतरा गिरोह का सदस्य है और अस्पताल परिसर में पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!