शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पिछले 24 घंटे में 5 युवाओ की मौत होने की खबर मिल ही है। यह हादसे जिले के अलग अलग सीमाओ मे घटित हुए हैं। कहीं तेज रफ्तार कार ने मजदूर को कुचल दिया, कहीं फोरलेन हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर ने दो युवाओं की जिंदगी छीन ली, तो वहीं कोलारस क्षेत्र में सिंध नदी में नहाने गए दो युवक गहरे पानी में समा गए। लगातार हुई इन घटनाओं से पूरे जिले में शोक का माहौल है। कई परिवारों की खुशियां एक ही दिन में उजड़ गईं।
तिराहे पर बैठे मजदूर को तेज रफ्तार कार ने कुचला, एक की मौत
नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम पारागढ़ जुझाई में रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दर्दनाक हादसा हुआ। मजदूरी कर लौटे गजराज परिहार उम्र 40 साल और उनके साथी बल्लू कुशवाह गांव में हरनाम कोली के घर के सामने तिराहे पर बैठे हुए थे।
तभी नरवर की ओर से तेज रफ्तार में आई सफेद कार (एमपी-07-एके-8038) ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में गजराज के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बल्लू के हाथ-पैर में चोटें आईं। दोनों को तत्काल नरवर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गजराज को मृत घोषित कर दिया। बल्लू का उपचार जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एफआईआर में चालक का नाम नहीं होने पर सड़क पर उतरे ग्रामीण
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब एफआईआर में कार चालक का नाम दर्ज नहीं किया गया। नाराज लोगों ने अस्पताल के बाहर नरवर-गरौनी मार्ग पर शव को स्ट्रेचर पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उनका आरोप था कि चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपने के बावजूद उसका नाम रिपोर्ट में शामिल नहीं किया गया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस के उचित कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
फोरलेन हाईवे हादसे में दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम
गुना-शिवपुरी फोरलेन हाईवे पर शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल युवक ने भी रविवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या दो हो गई।
जानकारी के अनुसार संतोष कुशवाह उर्फ रामस्वरूप कुशवाह उम्र 40 साल निवासी ईसागढ़ और आकाश कुशवाह उम्र 22 साल निवासी जगतपुर, कोलारस बाइक से सेटिंग का काम कर लौट रहे थे। देहात थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में संतोष की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश को ग्वालियर रेफर किया गया। रविवार सुबह उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
सिंध नदी में डूबे दो दोस्त, आधे घंटे बाद निकाले गए शव
कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम साखनौर में रविवार दोपहर सिंध नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रद्युम्न शर्मा उम्र 20 साल पुत्र गोपाल शर्मा और सादिक खान उम्र 24 साल पुत्र बाबू खान, दोनों निवासी कोलारस, के रूप में हुई है। दोनों अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय वे गहरे गड्ढे में चले गए और बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी, लेकिन समय पर राहत दल नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने स्वयं बचाव अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस हादसे ने दो परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। प्रद्युम्न के पिता का कुछ माह पहले ही निधन हुआ था, जबकि सादिक खान की शादी दो महीने बाद होने वाली थी।खुशियों की तैयारियां मातम में बदल गईं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।