शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका के कर्मचारी की आधी रात मारपीट के विरोध में आज नगर पालिका के कर्मचारी एकत्रित होकर कलेक्टर शिवपुरी के पास पहुंचे थे,कर्मचारियों ने कहा कि नगर पालिका में अकाउंटेंट की मारपीट के बाद भय का माहौल है। शिवपुरी नगर पालिका के सीएमओ के ट्रांसफर के बाद सीएमओ की कुर्सी खाली थी,इस कारण कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगर पालिका शिवपुरी की बागडौर एसडीएम शिवपुरी के हाथों में सौंप दी हैं।
जैसा कि विदित है कि 5 जून 2026 शुक्रवार की देर शाम नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ का ट्रांसफर मुरैना हो गया था। 5 जून की देर रात नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने सीएमओ को रिलीव कर दिया था,आधी रात आफिस खोलने पर आमजन अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे तभी नगर पालिका कार्यालय से आधी रात पालिका के अकाउंटेंट रवि झा की मारपीट का मामला भी सामने आ गया। इस मामले को सर्वप्रथम शिवपुरी समाचार डॉट कॉम ने प्रकाशित किया था। खबर के प्रकाशन के बाद मामले ने तूल पकडा और आज नगर पालिका के सभी कर्मचारी कलेक्टर शिवपुरी के पास पहुंचे थे।
मप्र अनुसूचित जनजाति अधिकारी एंव कर्मचारी संघ के बैनर तले आज नगर पालिका कर्मचारियों के कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया गया था कि 05/06/2026 को निकाय के प्रभारी लेखापाल श्री रविकांत झा को रात में करीब 12 बजे कार्यालय में अध्यक्ष एवं अध्यक्ष पति संजय दुबे के द्वारा कार्यालय में बुलाकर लेखा से संबंधित जानकारी ली गई इसके उपरान्त अध्यक्ष जी कार्यालय से चली गई।
इसके बाद निकास का सस्पेंड कर्मचारी हाफिज अब्दुल्ला द्वारा प्रभारी लेखापाल के साथ गलेवान पकड़कर मारपीट की गई। मौके पर कुछ पत्रकार बंधु घटना स्थल पर पहुंचे तथा प्रभारी लेखापाल को बचाकर सुरक्षित घर पहुँचाया गया। इस तरह की घटना पूर्व में भी घटित हुई है। जिससे सभी कर्मचारियों में कार्य के समय डर बना रहता है जिससे निकाय का कार्य प्रभावित होता है तथा समस्त कर्मचारियों को भी मारने पीटने की धमकी दी जा रही है एवं डर का माहौल बना हुआ है। इसलिए हम नगर पालिका शिवपुरी में ऑफिस में कार्य करने में असुरक्षित महसूस कर रहे है,इस मामले में तत्काल दोषियों पर कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर ने दिया शिवपुरी एसडीएम को चार्ज
कलेक्टर शिवपुरी अर्पित वर्मा ने शिवपुरी सीएमओ इशांक धाकड़ के ट्रांसफर के बाद शिवपुरी एसडीएम आनंद सिंह राजावत को नगर पालिका का चार्ज सौंप दिया है। हालाकि अनुमान लगाया जा रहा था कि सीएमओ का चार्ज नगर पालिका के आरओ सक्सेना को सौंपा जा सकता है लेकिन नगर पालिका में देर रात हुई अकाउंटेंट की मारपीट की घटना के बाद कलेक्टर ने यह कदम उठाया हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।