शिवपुरी,सूने घर के चटकाए ताले,लाखो का माल गायब,पारदी गिरोह पर संदेह

vikas
0
shivpuri-samachar
बदरवास।
  शिवपुरी जिले का बदरवास कस्बा एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया है। वार्ड क्रमांक-6 स्थित बायपास क्षेत्र में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की अलमारी में रखे 1 लाख 70 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और दुकान की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना ने न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि नवागत थाना प्रभारी के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे गुना के पारदी गिरोह का हाथ हो सकता है, हालांकि स्थानीय सहयोगियों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा रहा।

बुआ से मिलने शिवपुरी गए थे, पीछे से चोरों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-6 निवासी राशिद मोहम्मद कुरैशी अपनी पत्नी के साथ शिवपुरी स्थित अपनी बुआ सास से मिलने गए थे। बुआ सास हाल ही में हज यात्रा से लौटकर आई थीं। बारिश और देर रात होने के कारण दंपति वापस बदरवास नहीं लौट सके, जिससे उनका घर पूरी रात सूना पड़ा रहा। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया। बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और पूरे मकान की तलाशी लेने के बाद अलमारी में रखी नकदी और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

बेटे की पढ़ाई के लिए रखी थी रकम
पीड़ित राशिद मोहम्मद ने बताया कि उनका बेटा रिजवान भोपाल में पढ़ाई करता है। उसकी कॉलेज फीस जमा कराने के लिए उन्होंने 1 लाख 70 हजार रुपए नकद घर में रखे थे। एक-दो दिन में फीस जमा करानी थी, लेकिन उससे पहले ही चोर रकम उठा ले गए।

पीड़ित परिवार के अनुसार चोर सोने की करीब 5 अंगूठियां, कानों के टॉप्स, दो मोबाइल फोन, करीब आधा किलो चांदी की पायल और दुकान में रखी नकदी भी साथ ले गए। वारदात के बाद घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी खुली हुई थी।

पड़ोसी ने रात में देखी संदिग्ध गाड़ी
घटना को लेकर एक अहम जानकारी पड़ोस में रहने वाली सीमाबाई केवट ने दी है। उन्होंने बताया कि रात करीब 2 बजे उन्होंने एक संदिग्ध वाहन देखा था, जिसमें 7 से 8 लोग बैठे हुए थे। महिला के अनुसार वही लोग चोरी वाले मकान की दिशा से निकलकर गुना की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस इस जानकारी को गंभीरता से लेते हुए वाहन और संदिग्धों की पहचान के प्रयास में जुटी है।

एक माह में दूसरी बड़ी चोरी, लोगों में दहशत
बदरवास क्षेत्र में पिछले एक माह के भीतर यह दूसरी बड़ी चोरी की वारदात है। इससे पहले इसी इलाके में स्थित सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य महेंद्र गुप्ता के घर पर भी बड़ी चोरी हुई थी। उस मामले में गुना के पारदी गिरोह और कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। चोरी का आंकड़ा एक करोड़ रुपए से अधिक बताया गया था, लेकिन पुलिस अब तक महज 4 लाख रुपए की बरामदगी ही कर सकी है। अब उसी क्षेत्र में फिर से लाखों की चोरी होने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोग पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस को मिले कुछ सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादवने बताया कि, मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर बाहरी बदमाशों के साथ स्थानीय लोगों की संलिप्तता की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने बदरवास की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब लोगों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आखिर कब इन चोरों पर शिकंजा कसता है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!