मायापुर। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के मायापुर थाना सीमा में आने वाले गांव में निवास करने वाले एक युवक पर तेंदुए के हमले के समाचार मिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि रात मे शौच करने गए युवक पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया,तेंदुआ झाड़ियों मे शिकार की तलाश मे बैठा था,जैसे ही युवक झाड़ियो के पास पहुंचा वैसे ही तेंदुए ने हमला कर दिया। साहसी ग्रामीण युवक ने तेंदुए से डट कर मुकाबला किया,इस कारण तेंदुआ भाग गया,लेकिन युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
जानकारी के अनुसार हुरी की टपरियन बस्ती निवासी लाला आदिवासी मंगलवार शाम गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गया था। बताया जा रहा है कि वह जैसे ही जंगल के अंदर पहुंचा, तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। हमले से लाला संभल भी नहीं पाया और जमीन पर गिर पड़ा। तेंदुए के पंजों और दांतों से उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आईं।
लेकिन लाला ने हिम्मत नहीं हारी और तेंदुए से बचने के लिए जोरदार संघर्ष किया। शोर-शराबा और विरोध मिलने पर तेंदुआ उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घायल अवस्था में किसी तरह ग्रामीण गांव पहुंचा, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी। आसपास के जंगल क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। वन अमले ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से लगे इलाकों में वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए की मौजूदगी को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।