दिनारा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा के अलगी गांव में एक मजदूर की मौत के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। आमजन का कहना है कि एक दिन पूर्व मजदूर के साथ मारपीट हुई है और दूसरे दिन उसकी मौत हो गई। गांव में रहने वाले कुछ लोगो ने रात मे आनन फानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक गांव के राकेश यादव के यहां वह मजदूरी करता था।
जानकारी के अनुसार मृतक पिछले करीब 14-15 वर्षों से गांव में रहकर मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रहा था। बताया जाता है कि उसका कोई नजदीकी परिजन गांव या आसपास मौजूद नहीं था। ऐसे में उसकी मौत के बाद गांव में कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सोमवार शाम मृतक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन गांव में यह चर्चा तेजी से फैल रही है।
मामले को लेकर सबसे ज्यादा सवाल इस बात पर उठ रहे हैं कि मृतक का अंतिम संस्कार रात में ही जल्दबाजी में कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि 10 से 15 लोगों ने मिलकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया, जिससे पूरे घटनाक्रम को लेकर संदेह और गहरा गया है। लोगों का मानना है कि यदि मौत सामान्य थी तो अंतिम संस्कार इतनी जल्दबाजी में क्यों किया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होना चाहिए, ताकि गांव में फैल रही अफवाहों और आशंकाओं पर विराम लग सके।
उधर, थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि मृतक लंबे समय से गांव में रहकर मजदूरी करता था और उसकी मौत सामान्य प्रतीत होती है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।