करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा मे आने वाले एक गांव मे निवास करने वाली एक 35 साल के किसान की झांसी मे इलाज के दौरान मौत होने की खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि किसान खेत की जुताई कर रहा था, खेत के बीच पड़े बिजली का तार उसके काम की बाधा बन रहा था। युवक ने इस तार को अपने हाथ से हटाने की कोशिश की तो उसे तेज बिजली के करंट ने अपनी चपेट मे ले लिया। गंभीर हालत में उसे झांसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम सहरया निवासी योगेंद्र राय उम्र 35 साल पुत्र देवप्रसाद राय मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। खेत के बीच बिजली का एक तार टूटकर पड़ा हुआ था, जिससे खेती का काम प्रभावित हो रहा था। जुताई के दौरान योगेंद्र ट्रैक्टर से नीचे उतरे और रास्ते में बाधा बन रहे तार को हटाने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही उन्होंने तार को हाथ लगाया, उसमें दौड़ रहे करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। तेज झटके से वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए झांसी अस्पताल लेकर गए।
डॉक्टरों ने युवक को बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन देर रात उपचार के दौरान योगेंद्र ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बिजली कंपनी पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खेत में बिजली का तार लंबे समय से टूटा पड़ा था और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी गई थी। इसके बावजूद तार को हटाने या मरम्मत करने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों का आरोप है कि यदि बिजली कंपनी समय रहते सतर्कता बरतती, तो योगेंद्र की जान बच सकती थी। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।