इंदौर हत्याकांड की जांच पहुंची शिवपुरी तक, आधी रात दीवार फांदकर घरों में पहुंची टीम

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले के कोलारस थाने की लुकवासा चौकी क्षेत्र के ग्राम डोडियाई में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब इंदौर से आई पुलिस टीम ने अचानक गांव में दबिश दी। रात करीब 2 बजे हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों की नींद उड़ गई और पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

जानकारी के अनुसार इंदौर में हुए एक चर्चित हत्याकांड की जांच के सिलसिले में पुलिस टीम डोडियाई पहुंची थी। पुलिस ने गांव के कई लोगों से पूछताछ की और कुछ लोगों को अपने साथ लेकर चली गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से ग्रामीणों और परिजनों में बेचैनी फैल गई।

रात 2 बजे घर से ले गई पुलिस
गांव निवासी बलराम पाल पुत्र मालम सिंह को इंदौर पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई। वहीं आकाश शर्मा पुत्र रवि शर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे पुलिस उनके घर पहुंची। उनके अनुसार पुलिसकर्मी दीवार फांदकर घर के अंदर आए और उन्हें अपने साथ ले गए। आकाश का कहना है कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है। पूछताछ के बाद सुबह करीब 9 बजे उन्हें देहरदा चौराहे पर छोड़ दिया गया।

रातभर भटकते रहे परिजन
पुलिस कार्रवाई के बाद जिन लोगों को पूछताछ के लिए ले जाया गया था, उनके परिजन पूरी रात चिंतित रहे। कोई थाने तो कोई पुलिस चौकी के चक्कर लगाता रहा, लेकिन किसी को भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। इससे गांव में दहशत और असमंजस की स्थिति बनी रही। सुबह होते-होते गांव के चौपालों, दुकानों और गलियों में इसी कार्रवाई की चर्चा होने लगी। ग्रामीण यह जानने की कोशिश करते रहे कि आखिर पुलिस किस मामले में गांव तक पहुंची थी।

एक महिला के संपर्कों की भी जांच
ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने गांव की एक महिला के संबंध में भी जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि उक्त महिला का संपर्क इंदौर के फरार आरोपी से फोन पर था। इसी कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस गांव पहुंची और कई लोगों से पूछताछ की। पुलिस टीम ने गांव में रामजीलाल रघुवंशी के यहां भी पहुंचकर एक व्यक्ति की फोटो दिखाई और उसके संबंध में जानकारी एकत्र की। जांच का फोकस हत्या मामले से जुड़े संभावित संपर्कों और गतिविधियों पर बताया जा रहा है।

टीम में महिला पुलिसकर्मी भी थी शामिल
पूछताछ के बाद लौटे आकाश शर्मा ने बताया कि इंदौर से आई टीम में तीन पुरुष पुलिसकर्मी और एक महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं। उनके साथ वाहन में वह महिला भी मौजूद थी, जिसके पति की इंदौर में हत्या हुई थी। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस देहरदा चौराहे पर गल्ला खरीदने का काम करने वाले करीब 7 से 8 लोगों की तलाश में गांव पहुंची थी। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लोकल पुलिस को भी नहीं मिली पूरी जानकारी
लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा ने बताया कि इंदौर पुलिस किसी मामले की जांच के सिलसिले में क्षेत्र में आई थी। उन्होंने कहा कि जांच दल ने स्थानीय पुलिस को ज्यादा जानकारी साझा नहीं की।

फिलहाल इंदौर पुलिस हत्याकांड के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। वहीं डोडियाई गांव में आधी रात हुई इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं और अटकलों का दौर जारी है। गांव के लोग अब पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!