पिछोर। शिवपुरी जिले पिछोर अनुविभाग की जिले के हिम्मतपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत गौचोनी गांव में मंगलवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान पवन लोधी पुत्र रामेश्वर लोधी निवासी गौचोनी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
सुबह ग्रामीणों ने देखा खेत में पड़ा शव
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने एक खेत में युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हिम्मतपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
भंडारे के बाद खेत पर गया था पवन
मृतक के रिश्तेदार उमेश लोधी ने बताया कि सोमवार को परिवार में रामायण पाठ के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पवन रात में खेत पर फसल और खेत की रखवाली के लिए चला गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसके खेत में मृत मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
शरीर पर चोट के निशान, मोबाइल भी टूटा मिला
परिजनों का कहना है कि पवन के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इतना ही नहीं, उसका मोबाइल फोन भी शव से करीब 50 मीटर दूर टूटी हुई अवस्था में मिला। इस परिस्थिति ने परिजनों की शंका को और गहरा कर दिया है। उनका कहना है कि यदि यह सामान्य मौत होती तो मोबाइल इतनी दूर टूटी हालत में नहीं मिलता।
पुरानी रंजिश का भी एंगल
परिजनों ने बताया कि गांव में कुछ लोगों के साथ उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी वजह से उन्हें आशंका है कि पवन की हत्या कर शव खेत में फेंका गया हो सकता है। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
हिम्मतपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।